पीरनिगाह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ 4 पंजाबी महिलाओं समेत 6 हिरासत में

By: Jan 27th, 2018 12:50 am

ऊना— ऊना पुलिस ने धार्मिक स्थल पीरनिगाह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देह व्यापार में संलिप्त चार महिलाओं सहित अन्य दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ऊना पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार पुलिस को धार्मिक स्थल के होटलों में देह व्यापार के धंधे को लेकर सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके चलते ऊना पुलिस महिला सैल सहित गठित अन्य टीम ने डीएसपी हैडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह की अगवाई में बुधवार देर रात को पीरनिगाह के एक होटल में दबिश दी। इस दौरान पुलिस द्वारा चार महिलाओं के साथ दो व्यक्तियों को होटल से हिरासत में लिया गया। होटल को भी सील कर दिया गया है। इस मामले में होटल मालिक की भी संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस द्वारा हिरासत में ली गई सभी महिलाएं पंजाब राज्य से संबंधित बताई जा रही हैं। इन सबकी उम्र 18 साल से 32 साल के बीच बताई जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस द्वारा छह लोगों को ही हिरासत में लिया गया है, लेकिन इस सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब से संबधित ये महिलाएं सेक्स रैकेट से संबधित बड़े खुलासे कर सकती हैं, जिसके चलते पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने कहा कि ऊना जिला में चिंतपूर्णी, बाबा बड़भाग सिंह, पीरनिगाह सहित विभिन्न धार्मिक स्थल हैं, लेकिन धार्मिक स्थलों के कई होटलों में देह व्यापार के धंधे को अंजाम दिया जा रहा है। थोड़े से फायदे के लिए होटल मालिक नियमों को दरकिनार कर रहे हैं, लेकिन अब किसी भी होटल मालिक की मनमानी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने होटल मालिकों को चेतावनी दी है कि वे अपने होटलों में देह व्यापार का धंधा बंद कर दें। यदि कोई होटल मालिक इसमें संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। होटल का लाईसेंस भी रद्द किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने देह व्यापार के मामले से संबंधित एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App