फोरलेन के लिए अप्रैल से शुरू होगा भू-अधिग्रहण

By: Jan 1st, 2018 12:06 am

हमीरपुर— हिमाचल प्रदेश के  सभी फोरलेन प्रोजेक्टों का भू-अधिग्रहण और निर्माण कार्य एक साथ शुरू होगा। केंद्र सरकार ने यह अहम फैसला लेते हुए डीपीआर के आधार पर निर्माण कार्य के टेंडर कॉल करने को कहा है। इस के साथ ही भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी करने को कहा है। सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए यह नई शर्त मंत्रालय ने लगाई है। इससे हिमाचल के तीनों फोरलेन अगले तीन साल में बन कर तैयार हो जाएंगे। धर्मशाला-शिमला फोरलेन के लिए टेंडर अप्रैल माह में कॉल किए जा रहे हैं। इसी दौरान 203 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के लिए भूमि का अधिग्रहण भी आरंभ हो जाएगा। इस समयावधि में वन्य मंत्रालय की मंजूरियों की प्रकिया भी चलेगी। जाहिर है, टेंडर कॉल प्रोसेसिंग के आधार और संबंधित कंपनी को अवार्ड लैटर जारी करने के लिए छह से आठ महीने का समय लग जाता है। इसके बाद ही बड़ी सड़क परियोजनायों का कार्य आरंभ होता है। लिहाजा इस समयावधि के बीच भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया चलती रहेगी। सूत्रों का कहना है कि धर्मशाला-शिमला फोरलेन का काम इसी साल शुरू हो जाएगा। इसके चलते सड़क के लिए जमीन का अधिग्रहण अप्रैल माह से ही शुरू होने वाला है। सबसे पहले कार्य कांगड़ा की तरफ  से आरंभ होगा। नतीजतन भू-अधिग्रहण भी मटौर के कछियारी से शुरू होना है। इस कार्रवाई का श्रीगणेश अप्रैल से हो रहा है। इसी तर्ज पर मंडी-पठानकोट फोरलेन के लिए मई महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परवाणु-कालका फोरलेन के लिए टेंडर भी इसी दौरान होंगे। मंत्रालय की नई शर्त को आधार मानें तो तीनों फोरलेन का काम दिसंबर से पहले शुरू हो जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App