बल्यूट सभा का सचिव गिरफ्तार

By: Jan 21st, 2018 12:10 am

पठानकोट में छिपा था आरोपी, डेढ़ करोड़ के गबन का आरोप

हमीरपुर— बल्यूट सहकारी सभा का फरार सचिव पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पठानकोट में छिप कर बैठे सचिव का पता लगने के बाद इसे लोगों ने पकड़ लिया। इसकी वहां पर पिटाई करने के बाद गाड़ी में बैठाकर हमीरपुर लाया गया। लोगों ने पुलिस को भी इस बारे सूचित कर दिया। माना जा रहा है कि पुलिस ने इसे नादौन के पास अपने कब्जे में लिया है। सहकारी सभा के डेढ़ करोड़ रुपए हड़पने के बाद सचिव गायब था।  पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। अब लोगों की सूझबूझ से इसे पकड़ गया है। शनिवार देर रात पुलिस इसे लेकर थाना पहुंची है। जानकारी के अनुसार सचिव गबन करने के बाद से गायब था। हर जगह तलाश करने के बाद भी इसका पता नहीं चला। विभाग की ऑडिट रिपोर्ट में भी सचिव द्वारा करोड़ो रुपए के गबन की पुष्टि हुई थी। बल्यूट के कुछ युवक किसी कार्य से पठानकोट गए थे , जिन्हें यहां पर आरोपी सचिव दिख गया। मौके पर ही इन्होंने इसे दबोचकर गाड़ी में बिठा लिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। नादौन के पास से हमीरपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। अब इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताते चलें कि बल्यूट सहकारी सभा में सचिव ने सेंधमारी कर डेढ़ करोड़ हड़प लिए थे। सहकारी सभा के कुल 885 खाता धारकों की इस राशि को डकारने के बाद आरोपी सचिव फरार हो गया था। यह खुलासा बल्यूट कृषि सहकारी सभा की ऑडिट रिपोर्ट में हुआ था। बहरहाल अब पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App