मंडी नगर परिषद अध्यक्ष ने छोड़ी कुर्सी

By: Jan 10th, 2018 12:16 am

कांग्रेस समर्थित नीलम शर्मा ने दिया त्यागपत्र, भाजपा दिग्गज के लिए रास्ता साफ

मंडी— प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद नगर निकायों में भी परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश में सबसे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला की सबसे बड़ी नगर परिषद मंडी में कांग्रेस ने नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी को खुद ही अलविदा कह दिया है। नगर परिषद मंडी के अध्यक्ष पर विराजमान वीरभद्र समर्थित पूर्व नप अध्यक्ष पुष्पराज शर्मा की धर्मपत्नी नीलम शर्मा ने पद से त्यागपत्र दे दिया है। इससे पहले कि भाजपा समर्थित पार्षद उन्हें हटाने के लिए कोई प्रयास करते नीलम शर्मा ने मंगलवार को अपने आप ही नप अध्यक्ष कुर्सी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को हुई एक बैठक में नप अध्यक्ष ने पद से त्यागपत्र देने का ऐलान किया और सभी पार्षदों से सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष चुनने आग्रह भी किया। उनका इस्तीफा अब नगर परिषद अध्यक्ष के माध्यम से सरकार को जाएगा, जिसके बाद नप मंडी में नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। नप अध्यक्ष नीलम शर्मा द्वारा पद से त्यागपत्र देने के बाद अब नप मंडी में भाजपा समर्थिक अध्यक्ष बनने का रास्ता भी साफ हो गया है।

नए लोगों को मिलना चाहिए मौका

त्याग पत्र देने के बाद नीलम शर्मा ने कहा कि उन्होंने दो वर्ष का समय सबको साथ लेकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बिताया है। सभी पार्षदों को साथ लेकर उन्होंने काम किया है। दो वर्ष पहले वह भाजपा व जयराम ठाकुर के सहयोग से अध्यक्ष बनी थीं और अब प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो साल में नप ने कई बेहतरीन कार्य किए हैं और सबका सहयोग मिला है। इस समय एक भी मुद्दा उनके खिलाफ नहीं है। इसलिए इससे पहले कि पार्षदों पर मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का दबाव आता, मैंने पहले ही अध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी अध्यक्ष चुनकर आएगा, उसका पूरा साथ दिया जाएगा ताकि शहर का विकास जारी रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App