रोहित जम्वाल नगर निगम शिमला के नए आयुक्त

शिमला – नगर निगम शिमला के नए आयुक्त रोहित जम्वाल ने मंगलवार को निगम कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाल लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने विभिन्न विभागाध्यक्षों से बैठक की। वहीं शहर के विकास कार्यों  को लेकर अपने इरादे भी जाहिर किए हैं।  उन्होंने कहा कि शिमला में लटके विकास कार्यों व प्रोजेक्टों को निर्धारित समय पर सिरे चढ़ाना पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी में शामिल है। इसे स्मार्ट सिटी में शामिल हुए काफी समय हो गया है लेकिन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यों में गति नहीं आ पाई है। इन कार्यों में अब तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसमें पानी, पार्किंग, लाइटें व सफाई व्यवस्था पर बल दिया जाएगा। इनकी स्थायी व्यवस्था की जाएगी ताकि जनता को दिक्कतें न झेलनीं पड़े। पद्भार संभालने के बाद आयुक्त रोहित जम्वाल ने निगम के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों के साथ भी बैठक की जिसमें उन्होंने विभिन्न विभागों  में चल रहे विकास कार्यों, लंबित कार्यों और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। रोहित जम्वाल इससे पहले विशेष सचिव गृह विभाग व विजिलेंस निदेशक पद पर तैनात  थे। नगर निगम के आयुक्त पद पर जीसी नेगी तैनात थे, जिन्हें सरकार ने अतिरिक्त साचिव शिक्षा लगाया गया है।