शहनाई बजाकर दुकानदारों से मांगी लोहड़ी

हमीरपुर— लोहड़ी के पावन पर्व पर शनिवार को लोगों ने जमकर खरीददारी की। इसके साथ ही बाजार में लोहड़ी मांगने वालों ने भी खूब रौनक लगाई।  बैंड की शहनाइयों पर हरेक दुकानदार से लोहड़ी मांगी गई। पुराने रीति-रिवाज के तहत बैंड-बाजे के साथ लोहडि़यां गाई गईं। इस पावन पर्व का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया है। दुकानदारों का दुकानें पर भी शनिवार को भीड़ रही। क्षेत्र के नजदीक के लोग बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचे। वहीं शहर में आने वाले लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई थी। सब्जी मंडी व कन्या स्कूल के पास भंडारे का आयोजन किया गया। बाजार में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। तिलचोली के लिए जमकर खरीदारी की गई। गुड़, चिड़वे व तिल की डिमांड अधिक रही। उपभोक्ताओं के लिए दुकानदारों ने सारी सामग्री उपलब्ध करवाई। यहां आने वाला हरेक ग्राहक थैला भरकर ही बाजार से बाहर निकला। शनिवार को हर कोई एक-दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दे रहा था। बाजार की दुकाने लोहड़ी की सामग्री से लकदक थीं।  दुकानदारों ने लोहड़ी पर्व को लेकर सारी सामग्री उपलब्ध करवाई थी। मूंगफली, गजक व रेवडि़यों की लोगों ने जमकर खरीददारी की है। तिल व गुड़ 150 रुपए किलो, जबकि चिड़वे 50 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिके। पिछले वर्ष भी इन्हीं दामों पर यह सामग्री उपलब्ध थी। वहीं मूंगफली 80 से 90 रुपए के बीच उपलब्ध रही। गजक व रेवडि़यों भी दस से लेकर 250 रुपए तक के पैकेट में बिकीं। शहर के कई दुकानदारों ने लोगों को लोहड़ी की खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए रेहडि़यां भी लगाई थीं। रेहडि़यों पर लोहड़ी का सारा सामान बेचा जा रहा था। शनिवार सुबह से ही हमीरपुर शहर गांधी चौक से लेकर सब्जी मंडी तक फुल रहा।  लोगों की भारी अवाजाही लोहड़ी के पावन पर्व के महत्त्व की गवाह बनी। इसके साथ ही पूरे जिला में लोहड़ी पर्व को लेकर खासा क्रेज देखा गया। लोगों ने इस पर्व को मनाने के लिए खूब खरीददारी की।