सात डिग्री लुढ़का पारा, ठंड बढ़ी

By: Jan 14th, 2018 12:20 am

न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट, भुंतर-कल्पा-मनाली-केलांग माइनस में

शिमला — हिमाचल प्रदेश में रातें फिर  से सर्द  हो गई हैं। न्यूनतम तापमान में एक से सात डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आने से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से प्रदेश के भुंतर, कल्पा, मनाली व केलांग का पारा फिर से माइनस डिग्री में पहुंच गया है। वही सुंदरनगर शून्य,सोलन, मंडी व चंबा का पारा लुढ़क कर एक डिग्री सेल्सियस क पहुंच गया है, जिससे सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।  हालांकि शनिवार को समूचे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और चटक धूप खिली रही। जिसमें धर्मशाला व चंबा को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। कल्पा में सर्वाधिक 3.0 व भुंतर में 2.0 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी आई है।  धर्मशाला के अधिकतम तापमान में   एक और चंबा में 0.5 डिग्री तक पारा लुढ़का है, जबकि न्यूनतम तापमान में फिर से एकाएक भारी गिरावट आई है। सोलन के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 7.0 डिग्री की गिरावट आई है। सोलन का पारा 8.0 डिग्री से लुढ़क कर 1.0 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा शिमला, सुंदरनगर व  भुंतर में 4.0, कल्पा, नाहन, मनाली में 3.0 डिग्री तक तापमान लुढ़का है।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 14.4, सुंदरनगर में 20.7, भुंतर में 18.2,  कल्पा में 12.0, धर्मशाला में 14.8 , ऊना में 22.6, नाहन में 17.8, सोलन में 18.2, कांगड़ा में 20.5, बिलासपुर में 19.4, हमीरपुर में 20.7, चंबा में 19.1 और डलहौजी में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

19 जनवरी तक बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 19 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के कोई आसार नहीं है। मगर पश्चिमी हवाओं के सक्रिय रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहने की उम्मीदें है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App