सुबह-शाम हाड़ कंपाने लगी ठंड

तीन डिग्री लुढ़का प्रदेश का पारा, 12 तक मौसम साफ रहने के आसार

शिमला — हिमाचल प्रदेश में बिना बारिश व हिमपात के ही ठंड रौद्र  रूप दिखा रही है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट आने से समूचे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।  प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम पारा माइनस डिग्री में और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पारा शून्य डिग्री में पहुंचने  से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। शीतलहर ने सुबह व शाम के समय लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 12 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मगर विभाग ने इस दौरान भी तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहने  की उम्मीदें जताई हैं। जबकि प्रदेश  में 14 जनवरी के बाद मौसम में करवट की संभावनाएं जताई जा रही हैं।  प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ बना रहा। मगर पश्चिमी हवाओं के सक्रिय रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के ऊना, चंबा व डलहौजी को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम पारे में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिसके चलते रातों के साथ-साथ अब दिन में भी ठंड का अहसास  होने लगा है। न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आने से प्रदेश में रातें  और सर्द हो गई हैं। न्यूनतम पारे में  एक से  तीन  डिग्री की गिरावट रिकार्ड की गई है। प्रदेश के कल्पा, केलांग व मनाली का पारा माइनस डिग्री में चल रहा है,जबकि प्रदेश के सुंदरनगर, भुंतर, सोलन व डलहौजी का तापमान लुढ़क कर शून्य डिग्री में पहुंच गया है। इससे उक्त क्षेत्रों में  हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 10.7, सुंदरनगर में 18.2, भुंतर में 17.4, कल्पा में 6.8, धर्मशाला में 14.2, ऊना में 22.3, नाहन में 15.5, सोलन में 15.5, कांगड़ा में 19.2, बिलासपुर में 18.8, हमीरपुर में 17.8, चंबा में 17.0 और डलहौजी में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 12 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मगर इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।