हफ्ते का खास दिन

जैकी श्रॉफ जन्मदिन  1 फरवरी

जैकी का जन्म एक गुजराती परिवार में महाराष्ट्र के लातूर शहर के उदगीर जिले में हुआ। उनके पिता का नाम काकूभाई श्रॉफ  और मां का नाम रीता श्रॉफ  है। उन्होंने कुछ विज्ञापनों में मॉडल के तौर पर भी काम किया है। जैकी ने लंबे समय से उनकी गर्लफ्रेंड रहीं आयशा दत्त से शादी की, जो कि बाद में फिल्म निर्माता बन गईं। यह जोड़ा एक मीडिया कंपनी चलाता है, जिसका नाम जैकी श्रॉफ  एंटरटेनमेंट लिमिटेड है। उनके दो बच्चे हैं। एक लड़का जिसका नाम टाइगर श्रॉफ  हेमंत जय है और एक लड़की जिसका नाम कृष्णा है। श्रॉफ  ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1982 में आई फिल्म ‘स्वामी दादा’ से की थी। अगले साल सुभाष घई ने उन्हें अपनी फिल्म ‘हीरो’ में लीड रोल के तौर पर कास्ट किया, जिसमें जैकी की हीरोइन मीनाक्षी शेषाद्रि थीं। यह फिल्म बड़ी हिट हुई और इसके बाद जैकी ने कई छोटी-बड़ी फिल्मों में काम किया, जिसमें उन्होंने लगभग हर शैली की भूमिकाएं निभाईं।

प्रसिद्ध फिल्में

स्वामी दादा, हीरो, अंदर बाहर, युद्ध, तेरी मेहरबानियां, पाले खां, अल्लाह रख्खा, कर्मा, जवाब हम देंगे, काश, राम लखन, परिंदा, मैं तेरा दुश्मन, त्रिदेव, वर्दी, दूध का कर्ज, सौदागर, किंग अंकल, खलनायक, गर्दिश, त्रिमूर्ति, रंगीला, बंदिश, अग्निसाक्षी, बॉर्डर, बंधन, रिफ्यूजी,मिशन कश्मीर, फर्ज, यादें, लज्जा, देवदास, ऑन-मेन एट वर्क, हलचल, क्योंकि, भूत अंकल, भागमभाग, किसान, वीर, शूटआउट एट वडाला, धूम- 3, हैप्पी न्यू ईयर, डर्टी पॉलीटिक्स।

फिल्मों में आने से पहले जैकी ट्रक ड्राइवर हुआ करते थे। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें काम करते हुए लगभग चार दशक का वक्त हो चुका है। उन्होंने करीब 175 से ऊपर फिल्मों में काम किया है जिसमें हिंदी, तमिल, बंगाली, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी, पंजाबी, उडि़या फिल्में शामिल हैं। वह डायरेक्टर सुभाष घई ही थे जिन्होंने श्रॉफ  को ‘जैकी’ नाम दिया था।  सोनी टीवी में उनका 10 परसेंट शेयर था, लेकिन 2012 में उन्होंने अपने शेयर को बेचने का निर्णय लिया और सोनी टीवी के साथ अपने 15 साल पुराने रिश्ते को खत्म कर लिया। 1990 के बाद वह लीड रोल से ज्यादा सह-अभिनेता के तौर पर मजबूत रोल में दिखने लगे। जैकी को फिल्म ‘परिंदा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला, तो वहीं फिल्म ‘खलनायक’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के तौर पर नामांकित किया गया। इसके अलावा भी कई बार उन्हें पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। 2007 में जैकी को भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष न्यायाधीश ज्यूरी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।