26 जनवरी को रिज पर दिखेंगीं 15 विभागों की झांकियां

शिमला— राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां जोरो-शोरों से शुरू हो चुकी हैं। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर रिज पर सभी सरकारी विभागों की मनमोहक झांकिया निकाली जाएंगी। झांकियों को बनाने का काम कई विभागों के कारीगरों द्वारा शुरू भी कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि हर साल जिला प्रशासन की ओर से गणतंत्र दिवस पर रिज पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में इस बार शिक्षा विभाग, भाषा एवं संस्कृति विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, नगर निगम, आईपीएच विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग व इसके अलावा जितने भी विभाग हैं वे झांकियों के माध्यम से अपने-अपने विभागों की योजनाओं को आमजनमानस तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। गणतंत्र दिवस के लिए बनाई जा रही इन झांकियों को स्वरूप देने का कार्य कालीबाड़ी के समीप किया जा जा रहा है। दीगर रहे कि गणतंत्र दिवस पर जब रिज मैदान पर एक साथ सभी विभागों की झांकियां निकलती हैं तो उस समय मनमोहक नजारा रिज मैदान पर देखने को मिलता है। इस नजारे को देखने के लिए रिज मैदान मालरोड पर लोगों की इतनी भीड़ उमड़ती है कि तिल रखने लायक जगह नहीं रहती है। इस तरह से इस बार भी गणतंत्र दिवस के मौके पर कोई भी कसर न रहे इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारियों में जुटा है।

रिज पर परेड की रिहर्सल

26 जनवरी को लेकर रिज पर इन दिनों परेड की रिहर्सल का दौर चला हुआ है।  सुबह व दिन के समय पुलिस बल, आर्मी, एनएसएस के छात्र परेड की रिहर्सल में भाग ले रहे हैं। परेड के लिए बजाई जा रही बैंडबाजों की धुन लेफ्ट राइट करती विभिन्न टुकडि़यां स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को भी अपने कदम वहीं रोकने पर मजबूर कर रहे हैं। रविवार को पर्यटक परेड की रिहर्सल को अपने मोबाइल में कैद करते भी देखे गए।

100 स्कूली छात्र लेंगे भाग

जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस पर परेड के लिए एनएसएस के 100 छात्र भाग ले रहे हैं। यह छात्र प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों के हैं। विभिन्न सरकारी स्कूलों से परेड के लिए चयन हुए ये छात्र रिज पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल को सलामी देंगे।