ऊना थाना के अंतर्गत रक्कड़ में तेज रफ्तार कार चार महिलाओं को रौंदते हुए वर्षाशालिका से टकराई,हादसे में कार चालक सहित कुल पांच लोग घायल

ऊना थाना के अंतर्गत रक्कड़ में सुबह के समय अपने गंतव्य को जाने के लिए बस का इंतजार कर रही चार महिलाओं को तेज रफ्तारी कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार चालक सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं। रेखा देवी पत्नी रणवीर सिंह, सुनीता देवी पत्नी अनूप सिंह, रितिका पुत्री वीरेंद्र सिंह, मीना देवी पत्नी आनंस्वरूप निवासी रक्कड़ सुबह के समय अपने गंतव्य को जाने के लिए रक्कड़ में स्थित वर्षाशालिका में खड़ी थी। लेकिन इस दौरान ऊना से मैहतपुर की ओर जा रही तेज रफ्तारी कार वर्षाशालिका से जा टकराई। जिसके चलते महिलाएं भी कार की चपेट में आ गई। हादसे में चार महिलाएं गंभीर हुई हैं। इसके अलावा कार चालक रॉबिन सिंह पुत्र उपेंद्र सिंह विकासनगर, ऊना भी इस हादसे में गंभीर घायल हुआ है। हादसे के दौरान आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। जिसके चलते हादसे में घायल हुई महिलाओं के साथ ही कार चालक को भी उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।