करंट से लाइनमैन की मौत

By: Feb 19th, 2018 12:10 am

नादौन के गगाल में ट्रांसफार्मर में फ्यूज लगाते वक्त हादसा

नादौन — उपमंडल के निकटवर्ती गगाल गांव में ट्रांसफार्मर का फ्यूज लगाने का प्रयास कर रहे लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।  जानकारी अनुसार रविवार सुबह क 1:30 बजे भरमोटी पंचायत के लाइनमैन सुरेश कुमार पुत्र खरैती राम निवासी गांव रक्कड़ निकट के ही गगाल गांव में  ट्रांसफार्मर के पोल पर चढ़ कर 11 केवी लाइन पर फ्यूज लगाने का प्रयास कर रहा था। उसका सहयोगी कर्मचारी राम कृष्ण नीचे खड़ा था कि अचानक जोर से धमाका हुआ और सुरेश कुमार करीब आठ फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। इसे सहयोगियों ने तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे   मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यहां 11 केवी की डबललाइन है। इनमें से जिस लाइन पर सुरेश कुमार काम कर रहा था उसका स्विच तो बंद था, परंतु दूसरी लाइन को बंद नहीं किया गया था। इसके चलते कहीं सुरेश का एक हाथ करंट वाली लाइन को छू गया होगा। उसकी बाईर्ं बाजू पर हाथ के पास तथा दूसरे हाथ के बीच करंट लगने के कारण गहरे जख्म हुए हैं। हालांकि विभाग द्वारा अभी इस बारे कुछ नहीं बताया गया है। 48 वर्षीय सुरेश अभी करीब छह माह पूर्व ही बदली होकर नादौन आया था।  मृतक अपने पीछे दो बेटे, दो विवाहित बेटियां तथा पत्नी छोड़ गया है। गौर हो कि कुछ दिन पूर्व भी इसी ट्रांसफार्मर के निकट अन्य ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई थी। वहीं कुछ दिन पूर्व ही विभाग का एक अन्य कर्मचारी भी करंट की चपेट में आ गया था।  इस संबंध में विभाग के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है कि कैसे इतना बड़ा हादसा हो गया। उन्होंने मानवीय भूल की संभावना से भी इनकार नहीं किया। अस्पताल में डा. बीएस राणा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही सुरेश की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App