कूड़ा फेंकने के फैसले का विरोध

संतोषगढ़ —नगर परिषद संतोषगढ़ के नुमाईंदों ने प्रशासन की ओर से लिए गए निर्णय का विरोध किया है। इनका कहना है कि संतोषगढ़ में मैहतपुर-बसदेहड़ा की नगर परिषद का कूड़ा ेफेंकने का निर्णय सही नहीं है। इसके चलते यहां पर मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषद को कूड़ा फेंकने की अनुमति नहीं दी जाए।  शनिवार को नगर परिषद संतोषगढ़ की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता नगर परिषद प्रधान अमरावति ने की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद संतोषगढ़ और मैहतपुर-बसदेहड़ा के लिए कूड़ा संयंत्र बनाया गया था, लेकिन बरसात के दिनों में यह कूड़ा संयंत्र बह गया। इसके बाद नगर परिषद संतोषगढ़ ने अपने खर्चे पर शैड सहित अन्य कार्य करवाए और कूड़ा डालने का बंदोवस्त किया। इसके चलते नगर परिषद के नुमाईंदों द्वारा यहां पर अन्य किसी का कूड़ा फेंकने पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब प्रशासन की ओर से यहां पर ही मैहतपुर-बसदेहड़ा को कूड़ा फेंकने के लिए कहा है, जो कि सही नहीं है।  उन्होंने कहा कि जब तक सरकार संयंत्र नहीं बनाती है, तब किसी भी नगर परिषद का कूड़ा यहां पर नहीं फेंका जाए। बैठक में उपप्रधान गुरदेव सिंह, पार्षद रविकांत, हरवंस शाद, व्यासा देवी, संजय जैतक, निर्मला देवी, सोहन लाल सैणी, चरण सिंह सैणी, मुकेश पूरी, मुकेश पूरी दीपक शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।