जंजैहली में शव यात्रा निकालने की निंदा

बालीचौकी – जंजैहील एसडीएम कार्यालय विवाद के बीच मुख्यमंत्री की शव यात्रा निकालने की सराज बीजेपी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। शनिवार को बालीचौकी में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बालीचौकी व्यापार मंडल के सदस्यों ने भी इस रोष रैली में भाग लिया। रोष रैली के चलते बालीचौकी में 12 बजे से दो बजे तक लोगों ने अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रखे। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सराज भाजपा के मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बालीचौकी में इस दौरान कांग्रेस पार्टी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। मुख्य बाजार से रोष रैली निकालने के उपरांत जीरो चौक बालीचौकी में एक सभा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सराज भाजपा के मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सराज में कांग्रेस के कुछ लोग न केवल सराज की संस्कृति को दूषित करने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश को नेतृत्व दे रहे जयराम ठाकुर के विकासवादी एजेंडे को अवरुद्ध करने का भी प्रयास कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जंजैहली में एसडीएम कार्यालय के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के कुछ लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि जंजैहली में एसडीएम कार्यालय के नाम पर कायदे कानूनों को धत्ता बताने वाली सराज कांग्रेस है।  सभा को पंचायत समिति सराज के पूर्व अध्यक्ष दलीप सिंह ने भी संबोधित किया और कहा कि सराज में जनता द्वारा ठुकराया एक नेता इस पूरे प्रकरण में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है। सराज भाजपा के इस प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष खेम चंद शास्त्री, जोगिंद्र शर्मा व डोले राम के अलावा मंडल भाजपा महासचिव भागीरथ शर्मा, युवा मोर्चा के अध्यक्ष देवेंद्र राणा, आईटी सैल के महेश ठाकुर, मंडल भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष यशवंत शर्मा, शक्ति केंद्र बालीचौकी के अध्यक्ष दीपक कुमार, ग्राम पंचायत बालीचौकी की प्रधान चंपा ठाकुर, माणी की प्रधान तुलजू देवी व पंजाई के प्रधान चमन लाल भी शामिल हुए।