जयसिंहपुर के शिवनगर कालेज को पांच करोड़

By: Feb 1st, 2018 12:10 am

खैरा, लंबागांव— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में तोहफे बांटे। शिवनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने डिग्री कालेज शिवनगर के भवन के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपए देने की घोषणा की और इसके लिए अतिरिक्त भूमि का चयन करने के लिए कहा। उन्होंने जयसिंहपुर तहसील की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटलू में अगले शैक्षणिक सत्र से विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा भी की। आलमपुर से हारसीपत्तन तक सड़क, जिसकी अधिसूचना पूर्व कांग्रेस सरकार ने रद्द कर दी थी, उसे जिला की मुख्य सड़क बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने आलमपुर से लंबागांव तक उठाऊ सिंचाई योजना के लिए 8.5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। इस योजना के तहत इस क्षेत्र की पांच पंचायतें लाभान्वित होंगी। इस दौरान उन्होंने जयसिंहपुर में डीएसपी कार्यालय खोलन व यहां पर पोस्ट बनाने के निर्देश विभाग को दिए। जयसिंहपुर में हिमाचल पथ परिवहन निगम का सब-डिपो खोलने तथा बस अड्डे के लिए 50 लाख रुपए की राशि देने का ऐलान भी उन्होंने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कि धार में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने के लिए सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने शिवनगर में महाविद्यालय के लिए भूमि दान करने के लिए विष्णु दत्त शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रतिशोध की भावना से काम नहीं करेगी और जो लोग कार्य संस्कृति का पालन नहीं करेंगे, सरकारी कार्यों के प्रति लापरवाह पाए जाएंगे, उनके खिलाफ  कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वह जनता के हित में और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए सुझावों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे, क्योंकि वह स्वयं भी एक आम परिवार से संबंध रखने वाले आम व्यक्ति हैं। जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कांगड़ा जिला के पालमपुर के ढाड गांव के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा को याद किया, जिनका बुधवार को जन्मदिन था। उन्होंने गुरु रविदास को उनकी ज्यंती के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की।  सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जनता प्रदेश की राजनीति में पूर्ण बदलाव चाहती थी। जय राम ठाकुर के शासन को भारी विकास और लोगों के हित में लगातार निर्णय लेने के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार को धन का दुरुपयोग करने तथा केंद्र की सरकार द्वारा डेढ़ वर्ष पहले स्वीकृत किए गए 69 राष्ट्रीय उच्च मार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट न बनाने की आलोचना की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App