जोगिंद्रनगर में डेढ़ किलो चरस पकड़ी

गलू में नाके के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा चौहारघाट का युवक

उरला – शिवरात्रि का महापर्व जैसे-जैसे समीप आ रहा है, वैसे ही नशे के सौदागर इस अभियान को तेजी से बढ़ा रहे हैं। हालांकि पुलिस मुस्तैदी से नशा माफिया के खिलाफ डटी है। अगर आंकड़ों पर नजर से देखा जाए तो इसी महीने में चौहारघाटी से ही पांच किलो से नौ किलोग्राम चरस अलग-अलग जगहों से पुलिस  बरामद कर चुकी है। हालांकि अभी भी चरस तस्करों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को फिर जोगिंद्रनगर के गलू में नाके के दौरान पुलिस के हाथ एक और कामयाबी हासिल हुई है। जोगिंद्रनगर स्थानीय पुलिस ने एक किलो 550 ग्राम चरसके साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी मदनकांत शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार जोगिंद्रनगर-मंडी एनएच पर गलू के पास पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। इस दौरान बाइक पर एक युवक आ रहा था, जिसे पुलिस ने तलाशी के लिए रोका तो उसके पास से एक किलो 550 ग्राम चरस बरामद हुई। डीएसपी के अनुसार युवक ने अपना नाम संजय कुमार निवासी बुलंग डाकघर सुधार बताया। यह गांव चौहारघाटी में पड़ता है। जोगिंद्रनगर के एसएचओ संजीव कुमार की अगवाई में लगाए गए इस नाके में हैड कांस्टेबल राजमल, कांस्टेबल विनीत कुमार, होमगार्ड प्रवीण ठाकुर आदि शामिल थे। चरस बरामद होने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। डीएसपी मदनकांत ने कहा कि नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस पूरी तरह मुस्तैद होकर काम कर रही है ताकि इस कुरीति को जड़ से नष्ट करने में मदद मिल सके।