ड्रैस को लेकर फिर विवादों में प्रियंका

हाल ही में प्रियंका चोपड़ा सिक्किम को लेकर अपने बयान के कारण विवादों में घिर गई थीं। गौरतलब है कि प्रियंका ने सिक्किम को उग्रवाद प्रभावित राज्य बताया था। इसके लिए सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई थी, जिसके बाद उन्होंने माफी मांग ली थी। अब एक और पूर्वोत्तर राज्य को लेकर वह परेशानी में पड़ गई हैं। दरअसल प्रियंका असम टूरिज्म की ब्रैंड एंबेसडर हैं। हाल ही में असम टूरिज्म के नए कैलेंडर में प्रियंका को फीचर किया गया था। कैलेंडर में उनके कपड़ों को लेकर बवाल हो गया है। बता दें, इसमें प्रियंका ने एक फ्रॉक पहनी है, जिसमें उनका क्लिवेज दिख रहा है। विवाद इतना बढ़ गया कि इस मुद्दे पर असम विधानसभा में भी चर्चा हुई और नेताओं ने अपनी आपत्ती जताई। उनका आरोप है कि प्रियंका ने इसमें जो कपड़े पहने हैं, उससे असम की संस्कृति की गलत छवि पेश होती है। उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को ब्रैंड एंबेसडर के पद से बर्खास्त करने की मांग की है, जिन नेताओं ने इस कैलेंडर में प्रियंका के कपड़ों पर नाराजगी जताई है, उनमें एमएलए नंदिता दास और एमएलए रूपज्योती कुर्मी शामिल हैं। कुर्मी ने अपने एक बयान में कहा कि सरकार को असम के समाज के सम्मान की रक्षा करनी चाहिए। फ्रॉक आसामी परिधान नहीं है। इसके बदले असम के पारंपरिक परिधान का इस्तेमाल किया जाना चाहिए था। इसलिए हम लोगों ने कैलेंडर का विरोध किया है। असम में कई प्रतिभावान ऐक्टर्स हैं। सरकार को कैलेंडर के लिए उन्हें लेना चाहिए था। उधर, असम टूरिज्म कारपोरेशन का कहना है कि कैलेंडर में कुछ भी गलत नहीं है।