तारों में जकड़े स्वतंत्रता सेनानी कृष्णा नंद

मंडी— सिंध के गांधी मशहूर और अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्वामी कृष्णा नंद आज खुद तारों के जाल में उलझ कर रह गए हैं। एक तरफ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जिला मुख्यालय प्रशासन की ओर से सजाया जा रहा है। सरकारी इमारतों की रंगाई-पुताई और साफ.-सफ ाई का दौर चला हुआ है तो वर्षों से किसी ने स्वतंत्रता सेनानी स्वामी कृष्णानंद की प्रतिमा की सुध नहीं ली है। मंडी शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन महान सपूत व स्वतंत्रता सेनानी स्वामी कृष्णानंद के हिस्से में मात्र फूलों के एक हार के सिवाय कभी कुछ नहीं आया है। प्रशासन की लापरवाही के चलते एसपी आफि स के पीछे जिला पुस्तकालय के साथ मंडी के स्वतंत्रता सेनानी और सिंध के गांधी के नाम से मशहूर स्वामी कृष्णानंद की प्रतिमा के आसपास केबल,  टेलीफोन और इंटरनेट की तारों का ऐसा मकड़जाल बुना गया है कि यह प्रतिमा उसके बीच उलझ कर रह गई है। वहीं इस बारे में एसपी मंडी गुरदेव शर्मा का कहना है कि उनके ध्यान में अभी यह मामला आया है। इन तारों के जाल को हटाने व व्यवस्थित करने की व्यवस्था की जाएगी।