पहाड़ों में बर्फबारी, मैदान भीगेंगे

By: Feb 24th, 2018 12:50 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, फिर शीतलहर की चपेट में आएगा प्रदेश

शिमला  – प्रदेश में शनिवार को मौसम फिर से रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानों में गर्जन के साथ भारी ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है, जो प्रदेश को फिर से शीतलहर की चपेट में ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत 25 फरवरी को भी राज्य में एक-दो जगह बारिश-बर्फबारी होगी। राज्य में 26 से 28 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि विभाग ने समूचे राज्य में पहली मार्च को फिर बारिश-बर्फबारी की संभावनाएं जताई हैं। प्रदेश में शुक्रवार को दोपहर तक मौसम शुष्क बना रहा और तेज धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस उछाल आया है, मगर राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शाम के समय बादल घिरने शुरू हो गए थे। शुक्रवार को मौसम खराब बना रहने और शाम के समय सर्द हवाओं के चलने से कई जिलों के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App