पांवटा में दिन रात अवैध खनन

पांवटा साहिब— हिमाचल व उत्तराखंड की सीमा से बहती यमुना नदी समेत पांवटा की अन्य नदियों का अवैध खनन कर नदियों के सीने को छलनी किया जा रहा है। खनन माफियाओं पर खनन विभाग कार्रवाई भी कर रहा है , लेकिन फिर भी अवैध खनन जारी है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिन दहाड़े भी अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। कई स्थानों पर तो नदी पर बने पुलों के पास अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे पुलों के अस्तित्व को भी खतरा उत्पन्न होने लगा है। पांवटा साहिब उपमंडल में इस समय पांवटा की यमुना नदी में तो अवैध खनन जोरों पर है। साथ ही यमुना नदी की सहायक नदियों टौंस, गिरि, यमुना व बाता नदी में भी अवैध खनन हो रहा है। टौंस नदी में किलौड़ व सहस्त्रधारा के पास अवैध खनन हो रहा है। इसके अलावा गिरी नदी में मानपुर देवड़ा व पुरुवाला पंचायत के नजदीक अवैध खनन हो रहा है। इसके अलावा बाता नदी में पुरुवाला व जामनीवाला पंचायत के समीप अवैध खनन हो रहा है। उधर, इस बारे जिला खनन अधिकारी सिरमौर सुरेश भारद्वाज ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभी हाल ही में फर्जी बिल व एम-फार्म से अवैध खान को अंजाम देने वालों को भी पकड़ा है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस अवैध खनन के खिलाफ  कार्रवाई करती है। पिछले दिनों भी पुलिस ने ओवरलोडिंग व अवैध खनन से लदे ट्रैक्टरों को पकड़ा था, जिनके चालान किए गए। युमना नदी में भी पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।