पेड़ काट जमीन पर लेटाए

चंबा के कलवारा में वनकाटुओं ने सौ देवदार-कैल पेड़ों पर चलाई कुल्हाड़ी

मैहला – वनमंडल चंबा की कलवारा बीट में वनकाटुओं के देवदार व कैल प्रजाति के हरे पेड़ों पर बड़े पैमाने पर कुल्हाड़ी चला दी। इस अवैध कटान की भनक लगते ही वन विभाग के हाथ पांव फूल गए हैं। वन विभाग ने एक टीम का गठन अवैध कटान की वास्तविकता का पता लगाने के लिए मौके की ओर रवाना कर दिया है। भरमौर हलके की अपर रेंज बकान की कलवारा बीट में वनकाटुओं ने देवदार व कैल के पेड़ काटकर जमीन पर लिटा दिए। भरमौर हलके में एहलमी के बाद इसे सबसे बडे़ अवैध कटान के तौर पर देखा जा रहा है। वनकाटुओं की इस हरकत का पता वन विभाग को शुक्रवार को चला है। कलवारा बीट में अवैध कटान की सूचना मिलते ही वन विभाग ने एक टीम का गठन कर मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का पता लगाकर रिपोर्ट देने को कहा है। आरंभिक सूचना के मुताबिक वनकाटुओं ने देवदार व कैल प्रजाति के सौ पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई है, मगर अवैध कटान की जद में आए पेड़ों की सही संख्या का पता वन विभाग की टीम की रिपोर्ट के बाद चल पाएगा। चंबा जिला में पिछले कुछ अरसे में वनकाटुओं द्वारा अवैध तरीके से देवदार समेत अन्य प्रजातियों के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने के काफी मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले अवैध कटान के पांगी में दो और तीसा में एक मामला दर्ज किया जा चुका है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। वन विभाग के आरओ ओंकार सिंह का कहना है कि कलवारा अवैध कटान के बारे में जानकारी मिली है। अवैध कटान की जांच के लिए टीम का गठन कर लिया गया है। कलवारा बीट में कितना कटान हुआ है, इसके बारे में जांच के बाद ही कोई टिप्पणी की जा सकती है।