बालीवुड में यूज होती हैं चंबा की लोक धुनें

चंबा— यहां की लोक संस्कृति और परंपरा लाजवाब है। यहां की लोक धुनें तो ऐसी हैं जिनका बालीवुड दीवाना है। स्पष्ट कहूं तो यहां के गानों की धुनों पर बालीवुड के गानों में इस्तेमाल करके कई संगीतकार रातों रात स्टार बने हैं। इसीलिए जिला की समृद्ध कला और संस्कृति को बचाना बेहद आवश्यक है। अगर इसके संवर्द्धन के लिए सही समय पर पग नहीं उठाए गए तो आने वाले कई सालों बाद हमारी समृद्ध कला और संस्कृति इतिहास बनकर रह जाएगी। यह बात सारेगामापा फेम सिंगर राजीव थापा ने चंबा जनमत निर्माण अभियान की चाय पे चर्चा के दौरान कही। चाय पे चर्चा के दौरान जनमत निर्माण अभियान के प्रयासों की सराहना करते हुए राजीव थापा, कमलेश कुमार, हरीश, चैन सिंह और परमेश ने कहा कि कम से कम चंबा की मुख्य मांगों, समस्याओं और मुद्दों के समाधान के लिए किसी ने तो प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनमत निर्माण अभियान के साथ चंबा जिला के हर व्यक्ति को जुडना चाहिए, क्योंकि यही एक अभियान है, जिसके माध्यम से चंबा जिला की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चंबा जिला हर लिहाज से संपन्न है। चाहे लोक संस्कृति, लोक परंपरा या फिर यहां की हस्तकला की बात हो। प्रकृति ने भी चंबा जिला को खूबसूरती नियामत बख्शी है, लेकिन दिक्कत यही है कि जिला के विकास के लिए सामूहिक प्रयास नहीं हो पा रहे। यह सामूहिक प्रयास तभी होंगे जब जिले का बुद्धिजीवी वर्ग, युवा पीढ़ी, सामाजिक संगठन व महिला संगठन बिना किसी राजनीतिक और व्यक्तिगत स्वार्थ के चंबा के हित के लिए आगे आएंगे। राजीव थापा ने कहा कि जनमत निर्माण अभियान की टीम के साथ वह हर हाल में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उधर, जनमत निर्माण अभियान से जुड़े मनुज शर्मा ने कहा कि बुधवार को सारेगामापा फेम राजीव थापा ने भी अभियान के साथ जुड़कर अभियान की सफलता की कामना की है। उन्होंने कहा कि चाय पे चर्चा के दौरान उन्होंने काफी अहम मुद्दे उठाएं हैं।