बुंगडू महादेव के पारंपरिक झूणा की धूम 

By: Feb 22nd, 2018 12:10 am

बंजार —उपमंडल बंजार के आराध्य शिव स्वरूप देवता बुंगडू महादेव के पारंपारिक व पुरातन झूंणा का आयोजन इन दिनों बड़ी धूमधाम से किया जा रहा है। कारकूनों के अनुसार झूंणा का स्पष्ट रूप से एक तथ्य आता है कि पुरातन समय में संत जनों के ऊपर राक्षसों ने अत्याचार किए तथा पाप की वृद्धि होने पर भगवान शिव स्वरूप बुंगडू महादेव ने उनकी रक्षा करने के लिए अपनी एक शक्ति को प्रकट किया, उस शक्ति ने उक्त राक्षसों को भस्म करके संतों की रक्षा की। उस समय संत जनों ने बुंगडू महादेव की मंत्रों, कथाओं, वाद्ययंत्रों तथा मंगलगीतोंसे महादेव की स्तुति की, आज उसी परंपरा का निर्वहन उपमंडल के मंगलौर पंचायत के तरगाली व बगाण गांव में चनौन, कडाहिल, देउठा, शरन, तरगाली व उपमंडल के पांच कोठी के सैकड़ों श्रद्धालुओं की तादाद में देवता बुंगडू महादेव के समक्ष नतमस्तक होते हैं। देवता बुंगडू महादेव के कारकून नरोत्तम नेगी , प्रताप नेगी, पुजारी विश्वादेव शर्मा, गुर प्रेम सिंह शर्मा टेढ़ी सिंह नेगी हीरा लाल, धनश्याम शर्मा, प्रवीण कुमार व अन्य प्रमुख लोगों का कहना है कि आज भी उस पुरातन परंपरा को बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। यह झूंणा पर्व प्रतिवर्र्ष फाल्गुन व चैत्र मास के शुरू होते ही आठ दिन तक मनाया जाता है। इस पर्व में वाद्य यंत्रों के माध्यम से कई स्वर लहरियों को शाम सात बजे से लेकर करीब नौ बजे तक बजाई जाती है। इन स्वर लहरियों को बजाने से कई बुरी आत्माएं कोसों दूर भाग जाती हैं। साथ में कई रोगों का निदान भी होता है। इस पर्व में प्रति दिन भंडारे का आयोजन भक्त करते हैं। इस पर्व में सैकड़ों लोगों की मनोकामना पूरी होती आ रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App