मंडी कालेज में खूनी झड़प

एबीवीपी-एनएसयूआई में पंगा, सात के खिलाफ मामला दर्ज

मंडी— राजकीय वल्लभ कालेज मंडी में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हुई है। इस झड़प में तेजधार हथियार भी चले हैं। दोनों पक्षों में खूब लात-घूंसे चले हैं।  इससे दो विद्यार्थी बुरी तरह से घायल हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को एबीवीपी व एनएसयूआई कार्यकर्ता कालेज परिसर में किसी बात को लेकर भिड़ गए। बहसबाजी के बाद अचानक दोनों पक्षों में उग्र टकराव हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि विद्यार्थियों ने ग्रिप व डंडे निकाल लिए और वार कर दिया। इससे कार्यकर्ता घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। बाद में घायल कार्यकर्ता पुलिस थाना सदर मंडी पहुंच गए। यहां पर शिकायत दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि एक दूसरे को घूरने को लेकर विद्यार्थियों में विवाद हुआ और यह विवाद मारपीट तक पहुंच गया। एनएसयूआई के घायल दो छात्रों का जोनल अस्पताल मंडी में मेडिकल करवाया गया है। पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद ने बताया कि सात विद्यार्थियों के खिलाफ  मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगामी छानबीन में जुटी है। आरोपी छात्रों के खिलाफ कानून अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।