मंडी देव परंपरा पर होगा पुस्तक प्रकाशन

 मंडी —हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी शिमला द्वारा मंडी जिला के समस्त देवी-देवताओं का प्रलेखन तथा पुस्तक प्रकाशन किया जा रहा है। इस योजना के तहत मंडी शिवरात्रि में आने वाले तथा अन्य क्षेत्रों के देवी-देवताओं के विवरण शामिल रहेंगे। अकादमी के सचिव डा. कर्म सिंह ने बताया कि अकादमी द्वारा सामग्री के संग्रह हेतु शिवरात्रि मेले के दौरान कारदारों तथा प्रतिनिधियों को दो फ ार्म उपलब्ध करवाए गए हैं। मंडी देव परंपरा में मंडी जिला के उन देवी-देवताओं के विवरण भी शामिल किए जाएंगे, जो शिवरात्रि मेले में शामिल नहीं होते हैं। इनमें करसोग, सुकेत, धर्मपुर व जेगिंद्रनगर क्षेत्र के देवी-देवताओं के विवरण भी शामिल हैं। सचिव ने बताया कि मंडी देव परंपरा पुस्तक में देवी देवताओं की उत्पति, मंदिर की स्थापना, मंदिर का निर्माण, मूर्ति, वास्तुकला, मंदिर में पूजित अन्य देवी-देवता पूजा पद्धति, पुजारी वर्ग, कारदार, बजंतरी, मंदिर कमेटी, मंदिर से जुड़े मेले, पर्व, त्योहार, देव यात्रा, देव उत्सव, शिवरात्रि मेले में  देवता का आगमन, मंदिर के वाद्य यंत्र, मंदिर की चल-अचल संपत्ति, हार, देवता की न्याय व्यवस्था, गूर, देवता से जुड़े लोक विश्वास एवं वर्जनाएं, देवी चमत्कार, मंदिर तथा देवता से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व धार्मिक घटनाएं, देव और देवी-देवताओं से जुडे़ लोकगीत व कथाओं को पुस्तक में प्रकाशित किया जाएगा। डा. कर्म सिंह ने जिला मंडी की सभी मंदिर कमेटियों तथा कारदार पुजारियों और लेखकों से अपनी की है कि वे मंडी देव परंपरा पुस्तक की सामग्री संकलित करने में हिमाचल अकादमी को सहयोग प्रदान करें।