मैदानों में बारिश… पहाड़ों पर बर्फबारी

आनी —मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप शनिवार को समूचे आनी क्षेत्र में भी झमाझम बारिश हुई और यहां के प्रमुख दर्रे जलोड़ी पास पर पांच इंच ताजा हिमपात हुआ है, जबकि यहां की अन्य ऊंची पहाडि़यों ने भी बर्फ   की सफेद चादर ओढ़ ली है और क्षेत्र के सेब बागीचे भी बर्फ  से लकदक हो गए हैं। वर्षा और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने से घाटी में शीतलहर दौड़ गई है। बर्फबारी के चलते एनएच-305 के मध्य 10280 फुट की ऊंचाई पर स्थित आनी उपमंडल को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला जलोड़ी दर्रे बर्फबारी के चलते बाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। वर्षा होने से किसानों व बागबानों के मुरझाए चेहरे खिल उठे हैं। क्षेत्र के किसानों व बागबानों का कहना है कि इस वर्ष कफी लंबे अरसे बाद वर्षा व हिमपात होने से उनके खेतों को उपयुक्त नमी मिली है, जिससे फसलों की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद बंधी है।