वीरभद्र से साहसी जयराम ठाकुर

मुख्यमंत्री ने जाखू रोप-वे से की यात्रा, बजरंगबली के चरणों में नवाया शीश

शिमला —हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला के लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी ज्यादा साहसी दिख रहे हैं। वह इसलिए क्योंकि मंगलवार को मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटक स्थल जाखू मंदिर में जहां बजरंगबली के चरणों में शीश नवाया। वहीं उन्होंने वापसी जाखू के उस रोप-वे से की, जिसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। मगर उद्घाटन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री  ने इसकी यात्रा नहीं की। अभी तक रिवायत यही रहती आई है कि वाहन हो या रोप-वे राजनेता खुद बैठकर लोगों के लिए यात्रा के लिए प्रेरित करते हैं। दूसरे शब्दों में वे उस खास वाहन या रोप-वे के लिए एक मॉडल के रूप में सामने आते हैं। मगर उस दौरान न तो पूर्व मुख्यमंत्री जाखू तक इस रोप-वे में बैठकर गए ही वापसी की बात तो अलग रही। यही नहीं उस दौरान नगर निगम के महापौर भी इस रोमांचकारी यात्रा पर नहीं जा सके। क्योंकि शायद वह भी हो सकता है कि मुख्यमंत्री के ही इंतजार में हों। बहरहाल, मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के साथ जाखू में बनाई गई सुंदर वाटिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान मंदिर कमेटी को भी कई रोचक सुझाव दिए। बताया जाता है कि उन्होंने जाखू को ऐतिहासिक धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में और विकसित करने के लिए बड़ी योजना तैयार करने के लिए भी कहा है।  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह जाखू दौरा अचानक तय किया गया। यह पहला मौका है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जयराम ठाकुर अपनी धर्मपत्नी के साथ हनुमान मंदिर पहुंचे थे। उनके साथ कई  अधिकारी व कुछ विधायक भी थे।  बहरहाल, जाखू रोप-वे की रोमांचकारी यात्रा सभी के लिए सुरक्षित है। कमोवेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तो यही संदेश दिया। वह भी शिमला के कई लोगों की जुबानी।