व्यापार मंडल जल्द करेगा विचार-विमर्श

 बिलासपुर —व्यापार मंडल बिलासपुर के अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका जीवन खुली किताब है। जब से वे व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने हैं तब से व्यापार मंडल के उत्थान तथा व्यापारी भाइयों की परेशानी को अपनी परेशानी समझ कर सुलझाने का प्रयास किया है। उन्होंने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा कि जब उन्होंने व्यापार मंडल की कमान संभाली थी उसी दिन से उन्होंने व्यापारियों व व्यापार मंडल के उत्थान हेतु कार्य शुरू कर दिए थे। सबसे पहले व्यापार मंडल को पंजीकृत करवाया गया जो काफी लंबे समय से नहीं हुआ था। इस पंजीकरण के तहत इस वर्ष चुनाव लंबित हैं जो एग्जीक्यूटिव कमेटी के निर्णय पर निर्भर करता है कि कौन सी तारीख निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल जल्द ही इसकी बैठक बुलाने जा रहे हैं। कार्यकारिणी ने कार्यकारी अध्यक्ष व अन्य तदर्थ कमेटी का गठन इसी प्रक्रिया को अमलीजामा पहनने के लिए किया है। इन्हें निर्देश दिया गया है कि वे सारी व्यवस्था को सुचारू रूप में लाकर एग्जीक्यूटिव कमेटी के पास प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से व्यापार मंडल के महासचिव अस्वस्थ चल रहे है जिस कारण व्यापार मंडल की कार्यप्रणाली बाधित रही क्योंकि वही सारी कामकाजी औपचारिकताओं को संचालित करते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें व्यापार मंडल की कमान सामूहिक सर्वसम्मति से निर्विरोध सभी व्यापारियों ने दी है मैं किसी गुट विशेष का प्रतिनिधित्व नहीं करता हूं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जो बैठक जिसकी अध्यक्षता में हुई शायद वह भूल गए हैं कि व्यापारियों के विरोध के कारण ही उन्हें व्यापार मंडल से हटाया गया था और उनकी जगह मुझे ही एकमत होकर सर्वसम्मति से व्यापार मंडल का अध्यक्ष बनाया गया था।