शंकर सिंह ने लीडर बन की हमारी रक्षा

By: Feb 18th, 2018 12:16 am

कर्मचारी नेता की बहाली पर परिवहन मजदूर संघ ने निकाली धन्यवाद रैली

शिमला  – हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर की बहाली पर मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने शिमला में धन्यवाद रैली निकाली। यह रैली निगम मुख्यालय से सचिवालय तक निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भांगड़े के साथ जमकर नाटियां डालीं। इसके अलावा परिवहन मजदूर संघ द्वारा निगम मुख्यालय के समक्ष गेट मीटिंग कर भी शंकर सिंह की बहाली पर खुशी जाहिर की गई। मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर की बिना शर्त बहाली पर निकाली गई रैली में संघ के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सचिवालय गेट  पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल के चार मंत्रियों गोविंद ठाकुर, सुरेश भारद्वाज, सरवीण चौधरी, राम लाल मार्कंडेय का तिलक लगाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर परिवहन मजदूर संघ के अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने संघ की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख ग्यारह हजार, एक सौ ग्यारह रुपए का चेक भेंट किया। धन्यवाद रैली में सुरेंद्र ठाकुर, यशपाल, मंगत नेगी, गोपाल, दिनेश कुमार, देवी दत्त तनवर, संदीप शर्मा, सुनील कटोच, रणजीत, श्रवण कुमार, बालक मोल्टा, सुरेश कुमार, अजय, कुलदीप ठाकुर, राजेश कुमार, हकीकत, कुलवंत, योगराज, प्रताप ठाकुर सहित पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता पहुंचे। इसके बाद संघ के कार्यकर्ताओं ने एचआरटीसी के मुख्य कार्यालय में गेट मीटिंग की। वहां पर संघ नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कर्मचारी हितैषी सरकार ने सत्ता संभाली है और शंकर की बहाली से एचआरटीसी के हजारों कर्मचारियों के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा हुई है।

16 जून, 2016 को किए गए थे बर्खास्त

हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर को पूर्व सरकार ने 16 जून, 2016 को सेवा से बर्खास्त किया था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही शंकर सिंह ठाकुर को बहाल कर दिया, इससे मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं सहित निगम के कर्मचारी गदगद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App