हफ्ते का खास दिन

अभिषेक बच्चन 

जन्मदिन 5 फरवरी

अभिषेक बच्चन हिंदी फिल्मों के अभिनेता हैं। वे निर्माता होने के साथ-साथ कभी- कभी पार्श्व गायन भी करते हैं। अभिषेक का जन्म 5 फरवरी, 1976 में मुंबई में हुआ था। उनके पिता अमिताभ बच्चन मशहूर फिल्म अभिनेता हैं और उनकी मां जया बच्चन भी फिल्म अभिनेत्री हैं। उनकी एक बड़ी बहन भी हैं जिनका नाम श्वेता नंदा है। उन्होंने पूर्व मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री ऐश्वर्या राय से शादी की है, जिनसे उन्हें एक लड़की है और उसका नाम आराध्या बच्चन है। अभिषेक के करियर की शुरुआत फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से हुई थी। फिल्म बॉक्स आफिस पर तो कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी, लेकिन अभिषेक के काम को लोगों ने सराहा। इसके बाद उनके फिल्मी करियर का ग्राफ  गिरने लगा, लेकिन फिल्म ‘युवा, धूम, बंटी और बबली सरीखी फिल्मों ने उनकी डूबती नैया को पार लगाया। उनके दादा हरिवंश राय बच्चन उर्दू और हिंदी साहित्य के एक प्रसिद्ध कवि थे। अभिषेक का पैतृक मूल नाम श्रीवास्तव है, जबकि बच्चन उनके दादाजी का तखल्लुस था। फिर भी जब उनके पिता अमिताभ ने फिल्मों में प्रवेश किया तो उन्होंने अपने पिता के तखल्लुस को अपनाया। उनके पास उनकी दादी तेजी की तरफ से पंजाबी विरासत थी तथा उनकी मां की तरफ  से बंगाली संस्कार मिले।

अभिषेक बचपन में डिस्लेक्सिक थे, जिससे वह बाद में उबर गए। उनकी शुरुआती पढ़ाई जमना बाई नर्सरी स्कूल और बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल, मुंबई से हुई। इसके बाद मॉडर्न स्कूल, बसंत विहार, दिल्ली और एगलोन कालेज, स्विट्जरलैंड से भी उन्होंने पढ़ाई की।  फिर वह संयुक्त राज्य अमरीका के बोस्टन विश्वविद्यालय में पढ़ने गए पर जब उनके पिता की कंपनी एबीसीएल संकट में थी तब बीच में ही उन्होंने पढ़ाई छोड़ कर अभिनय को अपना लिया। अभिषेक बच्चन की मंगनी पहले करिश्मा कपूर के साथ हुई थी। दोनों ने अपनी मंगनी अमिताभ बच्चन के 60वें जन्मदिन के अवसर पर अक्तूबर 2002 में की थी। यह मंगनी 2003 के जनवरी में टूट गई।  उनकी सगाई ऐश्वर्या राय के साथ होने की घोषणा 14 जनवरी 2007 को की गई। बाद में अमिताभ बच्चन ने इस घोषणा की पुष्टि की। बच्चन और राय ने 20 अप्रैल 2007 को अपनी पत्नी के दक्षिण भारतीय बंट समुदाय के पारंपरिक हिंदू रीति- रिवाज से विवाह किया। बाद में सांकेतिक उत्तर भारतीय और बंगाली संस्कारों का भी निर्वाहन किया गया। विवाह जुहू, मुंबई स्थित बच्चन के आवास प्रतीक्षा में एक निजी समारोह में किया गया। हालांकि शादी बच्चन और राय परिवार और उनके दोस्तों के लिए एक निजी समारोह था, पर मीडिया सहभागिता ने इसे राष्ट्रीय सुर्खियां बना दिया।