ऊना—मार्च माह के समाप्त होते ही जिला में गर्मी का प्रकोप भी बढ़ना शुरू हो गया है। दिन में पड़ रही तेज धूप ने जिलावासियों के अभी से ही पसीने छुड़ा दिए है। तपिश से निजात पाने के लिए लोगों ने अभी से एसी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। हालांकि शाम के समय मौसम ठंडा होता है, लेकिन दिन में दोपहर के समय पड़ रही तेज धूप ने लोगों का बाहर निकलना बंद कर दिया है। बुधवार को जिला के अधिकत्तम तापमान में मामूली सी गिरावट देखी गई, लेकिन गर्मी का प्रकोप वैसे का वैसे ही रहा। एक तरफ जहां अधिकत्तम तापमान में मामूली गिरावट आई वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री तक बढ़ा है। बुधवार को जिला का अधिकत्तर तापमान 35.7 तथा न्यूनतम 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को अधिकत्तम तापमान 36 व न्यूनतम 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। अगर पिछले पांच वर्षों में मार्च माह की तुलना की जाए तो इस महीने में अधिकत्तम तापमान 32 डिग्री से ऊपर ही रहता है। पांच वर्षों में 31 मार्च 2017 को जिला का तापमान 38 डिग्री क्रॉस कर गया था। इस दिन जिला का तापमाप 38.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो कि पिछले पांच वर्षो से सबसे अधिक है। तापमापन में बढ़ोतरी के साथ ही शहर में जूस, नींबू पानी, जलजीरा सहित अन्य शीत पेयों की डिमांड भी बढ़ गई है। लोगों को इन ठंडे व शीत पेय का सेवन करते देखा जा सकता है। जिला मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को जिला में अधिकत्तम तापमान 35.7 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
वर्ष अधिकतम तापमान
2012 36.4
2013 33.4
2014 32.0
2015 35.8
2016 34.0
2017 38.2
2018 36.0