चोगल होंगे अब प्रधान सचिव कानून

शिमला — हिमाचल सरकार ने यशवंत सिंह चोगल को प्रधान सचिव (कानून) के पद पर तैनाती दी है। वह अभी सचिव कानून थे, जिनको अब प्रधान सचिव बनाया गया है। चोगल हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवाओं से संबंध रखते हैं। वहीं सरकार ने एचएएस अधिकारी डीसी राणा के अवकाश पर जाने के चलते दो एचएएस अधिकारियों को उनके विभागों का दायित्व सौंपा है। डीसी राणा निदेशक पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के साथ विशेष सचिव मुख्यमंत्री तथा विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व राजस्व आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी देख रहे थे। उनके अवकाश पर जाने के चलते आईएएस अधिकारी डा. आरके प्रूथी को निदेशक विज्ञान पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। प्रूथी इस समय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव हैं। वहीं, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क अनुपम कश्यप को विशेष सचिव मुख्यमंत्री तथा विशेष सचिव पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के साथ राजस्व आपदा प्रबंधन का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है। उनके पास विशेष सचिव पर्यटन एवं सूचना व जन संपर्क विभाग का दायित्व पहले से है। उधर, एचएएस अधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा को प्रदेश विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार लगाया गया है,जोकि अभी तक अतिरिक्त निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति का काम देख रहे थे। उनकी जगह पर भाषा कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक राकेश कुमार कोरला को संयुक्त निदेशक खाद्य आपूर्ति का अतिरिक्त काम सौंपा गया है।