दिल के दोनों वॉल्व खराब, इलाज के लिए आर्थिक मदद की दरकार

योल के निर्धन मजदूर संतोष कुमार को चाहिए दानवीरों का साथ; आपरेशन को दो लाख की जरूरत, पत्नी घर-घर जाकर काम करने को मजबूर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर-मंत्री किशन कपूर से भी मदद को गुहार

धर्मशाला — आपकी दुआओं और जज्बात ने उन घरों को रोशन किया, जो अंधेरे में जीने को मजबूर थे। आपने उस बगिया को महकाया, जिसका उजड़ना मजबूरी बन गया था। यह आपकी दरियादिली का ही असर है, जिसने ‘दिव्य हिमाचल रिलीफ फंड’ को सींच कर उखड़ती सांसों में दम भरा। अब एक बार फिर प्रदेश के दानी सज्जनों की मदद चाहिए, ताकि योल (धर्मशाला) के मजदूर का दर्द कम हो सके। स्लेट गोदाम के रहने वाले इस मजदूर संतोष कुमार के दिल के दोनों वॉल्व खराब हो चुके हैं। जल्द आपरेशन न हुआ तो कोई भी अनहोनी हो सकती है। आईजीएमसी के डाक्टरों का कहना है कि इलाज पर करीब दो लाख रुपए का खर्चा आएगा, जिसके बाद संतोष पूर तरह ठीक हो जाएगा। घर की हालत ऐसी नहीं है कि परिवार इलाज पर आने वाले इस खर्च को उठा सके। पत्नी आशा देवी अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए घर-घर जाकर काम करने को मजबूर हो गई है। अब वह परिवार का पालन-पोषण करे या बीमार पति का इलाज। उसकी उम्मीद अब प्रदेश के दानवीरों पर ही टिकी हुई है। जानकारी के अनुसार संतोष के परिवार में पत्नी आशा, जमा एक में पढ़ रही बेटी आंचल और छठी में पढ़ रहा बेटा अमित है। संतोष पिछले पांच माह से बीमार है। टांडा में इलाज के बाद उसे आईजीएमसी शिमला और फिर पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया। परिवार ने रिश्तेदारों से आर्थिक मदद लेकर संतोष को आईजीएमसी में एडमिट करवाया। चैकअप के बाद हार्ट स्पेशलिस्ट डाक्टरों ने पाया कि संतोष का एक वॉल्व पूरी तरह से खराब हो चुका है, जबकि दूसरा भी खराब होने की स्थिति में है। हार्ट स्पेशलिस्ट डा. नीरज ने आपरेशन के बाद संतोष के पूरी तरह स्वस्थ होने की बात कही है। डाक्टर का कहना था कि संतोष को 19 मार्च को अस्पताल में एडमिट किया जाएगा, इसके बाद दो सप्ताह इलाज के बाद ही आपरेशन होगा। बरसात में संतोष का घर भी गिर गया था, जिसे बनाने के लिए पहले से ही बैंक से दो लाख का कर्ज लिया हुआ है। संतोष और उनके परिवार ने प्रदेश सरकार और दानी सज्जनों से गुहार लगाई है कि उनके परिवार को टूटने से बचा लें। क्षेत्र के समाजसेवियों में से मदन लाल खन्ना, जय किशोर, भूतपूर्व नौसैनिक कुलतार चंद गुलेरिया, अमृत पाल सिंह और आदित्य शर्मा ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि संतोष के इलाज के लिए दो लाख रुपए की सहायतार्थ धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से इस अति गरीब की जान बचाने के लिए अतिशीघ्रता से ग्रांट करें।

दानी इस पते पर भेजें मदद

पीडि़त के लिए कैश, मनीआर्डर, चेक या डिमांड ड्राफ्ट ‘दिव्य हिमाचल रिलीफ फंड’ के नाम बनाकर इस पते पर भेजें- दिव्य हिमाचल रिलीफ फंड, दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप, पुराना मटौर, कांगड़ा, हि.प्र. 176001

सरकार करे मदद

संतोष  कुमार की पत्नी ने  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर से भी मदद की गुहार लगाई है। श्री कपूर ने पीडि़ता को प्रदेश सरकार से बातचीत कर हरसंभव मदद प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

संपर्क करें

सभी दानियों के नाम ‘दिव्य हिमाचल’ में प्रकाशित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें- 70181-97293, 94184-07889, 94181-92111