दो युवक डूबे दो मजदूर दबे

By: Mar 24th, 2018 12:40 am

शिमला— शिमला के साथ लगते लोअर समिट्री (गाहण) में शुक्रवार दोपहर दो मजदूरों की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। ये मजदूर निर्माणाधीन मकान के पिल्लर के लिए गड्ढा खोद रहे थे कि अचानक ऊपर से मलबा गिर गया। गड्ढा गहरा होने की वजह से ये मजदूर बाहर नहीं निकल पाए और तेजी से गिर रहे मलबे के नीचे ही दफन हो गए। मजदूरों के दबने की सूचना मिलते ही लोग राहत एवं बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन गड्ढे में मलबा इतना था कि हटाने में एक से डेढ़ घंटा लग गया। इतने समय के अंदर एक मजदूर दम तोड़ चुका था। दूसरे की सांसें चल रही थीं, जिसे तुरंत आईजीएमसी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मकान का काम करवा रहे ठेकेदार गंगा राम के खिलाफ 336, 304 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ये दोनों मजदूर बिहारी बताए जाते हैं, जिनकी पहचान 23 वर्षीय रामा साहू और 20 वर्षीय बादल के रूप में हुई है। ये दोनों यहां बिहार के ही ठेकेदार गंगा राम के साथ काम करते थे। राम साहू के भाई रामदीन साहू का आरोप है कि ठेकेदारों की ओर से मजदूरों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया था। ठेकेदार की लापरवाही के कारण दोनों की जान गई। रामदीन की शिकायत के आधार पर ही पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मजदूरों की जान को खतरे में डालने के साथ ही गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। एएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवा दिया है।

नंगल — दो हिमाचली युवक गुरुवार देर रात कार समेत नंगल की नहर में डूब गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में कार में फंसे युवक का शव बरामद हो गया, जबकि दूसरे युवक का अभी कुछ पता नहीं है। थाना प्रभारी नंगल ने बताया कि दोनों युवक साथ लगते हिमाचल के गांव जड़ोटी के रहने वाले थे, जिनकी पहचान राकेश कुमार (45) व गुरमीत सिंह (48) के नामों से हुई है। मृतक स्वारघाट से गांव जड़ोटी जा रहे थे कि उनकी कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे दरिया में जा गिरी। यह हादसा गांव दोनाल के पास हुआ। गोताखोर नहर में डूबे युवक राकेश कुमार का शव ढूंढने का प्रयास कर रहे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App