धांधली पर रद्द होगी कंडक्टर भर्ती

परिवहन मंत्री बोले, साल में निगम का सौ करोड़ राजस्व बढ़ाएगी सरकार

ज्वालामुखी— प्रदेश सरकार पथ परिवहन निगम में एक साल में सौ करोड़ का राजस्व बढ़ाएगी। मात्र 45 दिन में निगम ने दस करोड़ का राजस्व लाभ अर्जित किया है। यह बात परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कही। निजी व सरकारी बसों में प्रतिस्पर्धा कम हो, इसके लिए निजी बस मालिकों के साथ बैठकें की जा रही हैं, ताकि कोर्ट में गए मामले वापस लेकर नई ट्रांसपोर्ट नीति बनाई जा सके, जिससे सरकारी व निजी बसें दोनों को लाभ हो। निगम की 300 बसें आज खड़ी पड़ी हैं, उन्हें शीघ्र ही चलाया जाएगा। पूर्व सरकार ने 300 करोड़ का कर्जा निगम पर डाला है, उसे पूरा किया जाएगा। निगम दो साल तक कोई भी नई बस नहीं खरीदेगा। अच्छे ड्राइवर व कंडक्टर को सम्मानित कर इनाम दिए जाएंगे। उन्हें सीएम ट्रॉफी सहित एक लाख का इनाम दिया जाएगा। इसी तरह बेहतरीन आरएम को तीन लाख, दूसरा दो लाख व तीसरा इक्यावन हजार के इनाम उनकी कार्यप्रणाली व निगम की आय बढ़ाने के लिए दिए जाएंगे, ताकि औरों को भी प्रोत्साहन मिल सके। ड्राइवर व कंडक्टर निगम की जान होते हैं, उनकी सहूलियतों का खयाल रखा जाएगा। उनकी समस्याएं हल की जाएंगी। उनके रात्रि विश्राम के लिए अच्छे प्रबंध किए जाएंगे। प्रदेश की वर्कशॉपों की हालत सुधारी जाएगी। पठानकोट डिपो जहां साल भर सेना के अधिकारी व कर्मचारी आते-जाते रहते हैं, उस डिपो का स्तर बढ़ाया जाएगा। कंडक्टर भर्ती जो हुई है, यदि उसमें धांधली न हुई तो ठीक, वरना भर्ती रद्द की जा सकती है। जिला स्तर पर भर्ती की प्रतिशतता देखी जाएगी। उन्होंने पूर्व मंत्री व ज्वालामुखी के विधायक रमेश ध्वाला द्वारा उनको बताए रूटों व नई शुरू की जाने वाली बसों के बारे में बताया, तो उन्होंने तुरंत आरएम देहरा को सभी बसें शुरू करने व नए रूट पर बसें चलाने के निर्देश दिए। रमेश ध्वाला व उनके साथ भाजपा नेताओं चमन पुंडीर, कमल हमीरपुरी, विजय मेहता, विमल चौधरी, मास्टर राम स्वरूप शर्मा, ज्योति शंकर, जोगिंद्र कौशल, जेपी दत्त, देसराज, त्रिलोक चंद आदि ने परिवहन मंत्री का स्वागत किया।