नाहन में गूंजे पर्यावरण बचाओ के नारे

नाहन – आओ आओ पर्यावरण बचाएं-जंगल में आग न लगाएं नामक जागरूकता रैली को शुक्रवार को प्रातः विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने नाहन चौगान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में नाहन शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि वन हमारी अमूल्य संपदा है, जिसका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्त्व है। उन्होंने कहा कि वनों का मानव जीवन में बहुत महत्त्व है। वनों से जहां लोगों की रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, वहीं पर वन पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। डा. बिंदल ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि गर्मियों के मौसम में वनों की आग से सुरक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आग से जहां वनों की करोड़ों की संपत्ति नष्ट होती है, वहीं पर वनों में रहने वाले जीव-जंतु आग के कारण जल जाते हैं। उन्होंने बच्चों का आह्वान किया कि वनों की आग से सुरक्षा का संदेश घर-घर पहुंचाएं, ताकि वन संपदा का संरक्षण हो सके। इस मौके पर वन अरण्यपाल आरके गुप्ता, वन मंडल अधिकारी नाहन टी वैंकटेशन सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।