पहाड़ों पर चांदी, मैदानों में बारिश-ओले

By: Mar 16th, 2018 12:20 am

अधिकतम तापमान 14 डिग्री तक लुढ़का, कई जगह आज भी बरसेंगे मेघ

शिमला — प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ले ली है। गुरुवार को रोहतांग, मनाली, केलांग, कल्पा, सांगला, किलाड़ और धौलाधार पर्वत शृंखलाओं पर ताजा हिमपात हुआ। जिला शिमला के कई क्षेत्रोें के साथ चंबा में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान में एक से 14 डिग्री तक की भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को भी प्रदेश के एक-दो जगह बारिश-बर्फबारी होगी। राज्य में 16 से 19 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 20-21 मार्च को राज्य में फिर से बारिश-बर्फबारी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। रोहतांग में करीब पौने दो फीट ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। चंबा के ऊपरी क्षेत्रों में एक फीट से अधिक हिमपात हुआ है। किलाड़ में तीन, केलांग में दो, भरमौर, मनाली, कल्पा, सांगला और धौलाधार में भी बर्फबारी हुई। शिमला व चंबा में कई जगह झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। गर्जन के साथ चले तूफान ने भी जनता को खूब डराया। बारिश-ओलावृष्टि और हिमपात से अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान लुढ़का है। अधिकतम तापमान में एक से 14 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है। झमाझम बारिश व ओलावृष्टि से स्टोन फू्रट को नुकसान पहुंचा है। चंबा में तेज बारिश-ओलावृष्टि से प्लम, नाशपाति, खुमानी को नुकसान की सूचना है, जबकि मौसम में आई करवट से भी सेब संकट की जद में है।

कितनी बारिश

शिमला में  पांच, सुंदरनगर में सात, भुंतर में  दस, कल्पा में तीन, मनाली में 20, कांगड़ा में 11, चंबा में 18, डलहौजी में 13, हमीरपुर में  पांच, मंडी में 6.1 और धर्मशाला में चार मिमी बारिश हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App