भावानगर में आपदा प्रबंधन पर सजी कार्यशाला

भावानगर – जिला किन्नौर के भावानगर में आपदा प्रबंधन पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन पंचायत समिति हाल भावानगर में किया गया। इसकी अध्यक्षता एसईबीपीओ इंद्र चंद नेगी ने की। इसमें यूएनडीपी कंसल्टेंट नवनीत यादव ने उपस्थित लोगों को आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यशाला में विभिन्न पंचायतों से समिति सदस्य मौजूद थे। नवनीत यादव ने प्रकृति के कारण आने वाली विभिन्न आपदाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि प्रदेश का यह हिस्सा भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है। इसलिए ऐसे समय में इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि आपदा के समय विषम परिस्थिति का सामना कैसे किया जाए। आपदा के समय सबसे जरूरी है बचाव दल व प्रभावित के बीच संवाद कैसे स्थापित किया जा सकता है व ग्रामीण स्तर पर बचाव दल कैसे खड़ा किया जा सकता है। यह सब जानकारी द्वारा ही संभव है व जितने अधिक लोग इस विषय के प्रति जागरूक होंगे उतना ही आपदा प्रबंधन सही ढंग से होगा। इस अवसर पर विकास खंड निचार से कनिष्ठ अभियंता संदीप नेगी व सुदर्शन शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मनभक्ति, गंगा सिंह, राजकुमार, भगवान सिंह राम देवी, दलीप व संतोष कुमारी सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।