सभी पंचायतों में होगा एक समान विकास

 करसोग  —प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान करसोग का विकास पूरी तरह पटरी से उतरा हुआ मिला है, जिसे सभी के सहयोग से पटरी पर लाने का काम प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार ने शुरू कर दिया है। यह बात करसोग के विधायक हीरा लाल ने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही करसोग की अनेक विकास योजनाओं को तेज गति देते हुए धन राशि की स्वीकृति दी है ताकि रुके हुए विकास कार्य आगे बढ सकें। विधायक हीरा लाल ने कहा कि बजट के तुरंत बाद करसोग में विकास की गति और तेज की जाएगी। विकास खंड की सभी पंचायतों में एक समान विकास किया जाएगा व इस कार्यकाल के दौरान क्षेत्र का विकास क्षेत्र के लोगों की सहमति से प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार है जबकि शनिवार को तीन विभिन्न प्रदेशों में जो चुनाव नतीजे सामने आए हैं उसमें जनता ने खुले मन से भाजपा को अपना समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाली कुशल नेतृत्व में चल रही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर तथा भ्रष्टाचार के खात्मे को अपने समर्थन की मोहर लगाई है, जिसके चलते भविष्य में पूरा देश निश्चित तौर पर कांग्रेस मुक्त होने वाला है व भारत विकासशील देशों में तेज गति से अपना नाम दर्ज करवा रहा है। विधायक हीरा लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि करसोग विधानसभा का रूका हुआ विकास तेज गति से आगे बढ़े, जिसमें जन सहयोग भी जरुरी है।