25 लाख से बदलेगी पार्क की लुक

नगर पंचायत भुंतर का अहम फैसला, दस लाख के काम की टेंडर प्रक्रिया शुरू

भुंतर – भुंतर में नगर पंचायत के इकलौते म्युनिसिपल पार्क की 25 लाख से काया बदलेगी। नगर पंचायत ने इस पार्क की दशा सुधारने के लिए प्रयास आरंभ कर दिए हैं। लिहाजा, जल्द ही पार्क नए व आकर्षक लुक में नजर आने वाला है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत ने पार्क में विभिन्न कार्यों के लिए खर्च होने वाली दस लाख की राशि के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है, तो साथ ही अन्य मदों के तहत होने वाले खर्च के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। गत दिन हुई नगर पंचायत की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया है। इसके अलावा बैठक में शहर में होने वाले अन्य विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई। नगर पंचायत के प्रधान कर्ण सिंह ठाकुर ने बताया कि हाल ही में इसके लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। बता दें कि उक्त पार्क पिछले कई सालों से चर्चा में रहा है। नगर पंचायत ने कुछ अरसे पहले बाहरी निजी एजेंसी को भी इसका काम सौंपने की प्लानिंग बनाई थी, लेकिन वह भी सिरे नहीं चढ़ पाई है और अब नगर पंचायत खुद ही इसका काम पूरा करने की तैयारी में है। नगर पंचायत के प्रधान कर्ण सिंह ठाकुर ने बताया कि सुनियोजित तरीके से इसके काम को पूरा किया जाएगा और यहां पर बेहतरीन सुविधाएं जुटाई जाएंगी। उधर, नगर पंचायत द्वारा पार्क की दशा सुधारने के लिए आरंभ किए गए प्रयासों को स्थानीय शहरवासियों ने भी सराहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क की दशा सुधरने से लोगों को सुविधा मिलेगी। उक्त बैठक में नगर पंचायत की उपप्रधान नीना राणा सहित अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।