अंब में पेरेंट्स का हल्ला बोल    

अंब— अंब स्कूल में नवोदय की परीक्षा शनिवार को दो घंटे देरी से शुरू हुई। जिस पर बच्चों के अभिभावकों ने खूब हो हल्ला किया। मामले की सूचना प्रिंसीपल ने पुलिस को दी जिसके चलते अंब तहसीलदार विपिन कुमार व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया। पेपर देने आए 279 बच्चों को पेपर देने के लिए दो घंटे तक का इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। पेपर के बंडल न पहुंचने पर विद्यार्थियों को स्कूल प्रशासन द्वारा निश्चित समय पर पेपर नहीं उपलब्ध करवाया जा सका। पेपर लेट शुरू होने का कारण अंब सेंटर का एक हिंदी बंडल बंगाणा में चला गया और बंगाणा का अंग्रेजी का बंडल अंब सेंटर में पहुंच गया। स्कूल प्रधानाचार्य असीम धीमान ने बताया कि साढे 11 बजे पेपर शुरू करने से पहले जब दो बॉक्स में मौजूद पेपर को निकालने लगे तो उक्त घटना की जानकारी लगने पर नवोदय के प्रिंसीपल अनूपा ठाकुर को अवगत करवाया गया। उसके बाद उन्होंने पुलिस की देखरेख में बंगाणा में पहुंचे हिंदी के बंडल से अंब में पहुंचाया। इसके बाद डेढ़ बजे के करीब पेपर शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि उक्त घटना के पीछे दिल्ली स्थित नवोदय विभाग से चूक हुई है, क्योंकि जिस बॉक्स में उक्त गलती हुई है, उसके बाहर तो हिंदी का पेपर लिखा है, लेकिन भीरत अंग्रेजी के पेपर डाल रखे हैं। नवोदय ऊना की प्रिंसीपल अनूपा ठाकुर से बात करने पर उन्होंने बताया कि उक्त चूक पीछे से हुई है। जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो डीसी को तुरंत घटना की सूचना दी गई। इसके बाद अंब के बॉक्स को बंगाणा तथा बंगाणा के बॉक्स को अंब भेजा गया।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!