एयर टिकट सस्ती करवाएं प्रभु

सांसद शांता ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र, प्रदेश को दें हेलिटैक्सी

पालमपुर— प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सांसद शांता कुमार ने नागर विमानन मंत्रालय का प्रभार संभालने के लिए केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु को बधाई दी है। उन्होंने धन्यवाद किया है कि उन्होंने वायु संपर्क संभावना तथा इसकी समस्याओं पर हमारे विचार आमंत्रित किए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर कहा कि प्रदेश पर्यटन की आपार संभावनाओं से भरा पड़ा है। प्राकृति के अत्यंत मनोरम स्थान दूर ऊंचे पहाड़ों के आंचल में है। उन सब स्थानों तक संपर्क मार्ग हैं नहीं या बहुत अच्छे नहीं हैं। इस दृष्टि से हिमाचल प्रदेश में हेलिटैक्सी सेवा एक बहुत बड़ा वरदान सिद्ध हो सकती है। प्रदेश में हेलिपैड लगभग सब जगह है, जहां नहीं है, वहां बनाए भी जा सकते हैं। बहुत से स्थान ऐसे हैं, जहां लगभग पूरा वर्ष बर्फ रहती है और प्रकृति का मनोरम दृश्य रहता है। ये सब जगह हेलिकाप्टर सेवा से जोड़ी जा सकती हैं। चंडीगढ़ हवाई संपर्क से जुड़ गया है। यदि चंडीगढ़ से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हेलिटैक्सी सेवा शुरू हो, तो प्रदेश का पर्यटन बहुत विकसित हो सकता है। चंडीगढ़ से शिमला, कुल्लू और धर्मशाला के स्थानों को भी नियमित हेलिकाप्टर सेवा से जोड़ा जा सकता है। शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में हवाई सेवा उपलब्ध है। शिमला और कुल्लू अच्छे बड़े हवाई अड्डे नहीं हैं, वहां मौसम भी मनमाना रहता है, परंतु कांगड़ा हवाई अड्डे से वर्ष भर नियमित तीन या चार हवाई सेवा चलती है। धर्मशाला में महामहिम दलाई लामा का निवास होने के कारण विश्व भर के लोगों का भी आकर्षण का केंद्र बन गया है। कांगड़ा हवाई अड्डे का विभाग ने काफी विकास किया है। कुछ नई अच्छी सुविधाएं भी उपलब्ध की गई हैं, परंतु कांगड़ा से दिल्ली तक अत्यधिक किराए की समस्या सबको परेशान करती है। यहां एक निजी कंपनी और एयर इंडिया सेवा उपलब्ध करवाती है। कांगड़ा-दिल्ली का किराया कई बार 15 से 20 हजार रुपए तक ले लिया जाता है। उन्होंने मंत्री से विशेष आग्रह किया है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान करवाने की व्यवस्था करें।