कर्मियों को बड़े तोहफे की आस

By: Apr 15th, 2018 12:25 am

आज हिमाचल दिवस पर लाखों मुलाजिमों की नजर मुख्यमंत्री जयराम पर, ऐतिहासिक रिज पर समारोह

शिमला— हिमाचल दिवस पर राज्य के लाखों कर्मचारियों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बड़ी उम्मीदें हैं। प्रदेश में अनुबंध पर लगे कर्मचारियों के अलावा अन्य अस्थायी कर्मचारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बड़ी घोषणा की आस लगाए बैठे हैं। इनके अलावा अन्य कर्मचारियों को कई वित्तीय लाभों की आस है। हिमाचल दिवस पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज इस समारोह में विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। हालांकि पहले हिमाचल दिवस का राज्य स्तरीय समारोह कांगड़ा जिला के इंदौरा में आयोजित किया जा रहा था, लेकिन नूरपूर हादसे के चलते इसका स्थान बदला गया है। अब यह समारोह शिमला के रिज पर आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा।  राज्य में मौजूदा समय में अनुबंध कर्मियों को नियमित करने के लिए तीन साल का सेवाकाल निर्धारित किया गया है। ये कर्मचारी सेवाकाल को कम करने की आस लगाए हुए हैं। वहीं, विभिन्न विभागों में कई सालों से आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारी भी कुछ न कुछ घोषणा करने की उम्मीद लगाए हुए है। ऐसे में रविवार को होने वाले इस समारोह पर हिमाचल के लाखों कर्मचारियों की निगाहें लगी हुई हैं। उधर, हिमाचल दिवस को पुलिस मुख्यालय से सभी पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य में भी चौकसी बढ़ा दी गई है और प्रदेश के महत्त्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा का पहरा कड़ा किया गया है। बाहरी राज्यों के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राजधानी शिमला में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शिमला के रिज पर राज्य स्तरीय समारोह और इसके आसपास जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी निगरानी कर रही है।

आउटसोर्स वर्कर्ज को भी उम्मीदें

हिमाचल दिवस पर सरकारें कर्मचारियों को बड़ी घोषणाएं करती आई हैं और ऐसे में कर्मचारी अबकी बार भी इस समारोह के दौरान घोषणाएं होने की उम्मीदें लगाए हुए हैं। कर्मचारियों को कुछ वित्तीय घोषणाएं करने की आस मुख्यमंत्री से हैं, वहीं राज्य में अनुबंध और आउटसोर्स कर्मचारी भी उम्मीदें लगाए हुए हैं।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App