नशे के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा

रामपुर बुशहर —रामपुर को जिला कुल्लू से जोड़ने वाले पुल के इर्द-गिर्द नशे का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। रामपुर में तीन पुल हैं, जो रामपुर को कुल्लू की सीमा से जोड़ते हैं। इसमें ब्रौ, जगातखाना और हाल ही में बना चाटी पुल शामिल है। झ्र इन तीनों ही पुल के इर्द-गिर्द नशे का कारोबार फलने फूलने की सूचनाएं अकसर आती हैं। इस बार चाटी स्थित महिलाओं ने नशे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं का कहना है कि चाटी में आए दिन नशेडि़यों का तांता लगा रहता है। इसके खिलाफ महिला मंडल चाटी और महिला मंडल सिस्वासेर ने संयुक्त टीम बनाकर चाटी में नशे के खिलाफ गश्त लगाना शुरू कर दिया है। महिला मंडल के सदस्यों का आरोप है कि चाटी में पिछले एक साल से नशे का धंधा चल रहा है। इस मामले को लेकर कई बार पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन  को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन आज तक पुलिस ने एक भी कार्रवाई को पूरा नहीं किया। इसके कारण मजबूरन महिला मंडल को नशेडि़यों से निजात पाने के लिए हर दिन चाटी और जगातखाना क्षेत्र में गश्त लगानी पड़ रही है। तुनन पंचायत के उपप्रधान रणजीत ठाकुर ने बताया कि उनकी अध्यक्षता में पंचायत में नशे को लेकर बैठक होने के बाद 17 अप्रैल 2018 को पुलिस और स्थानीय प्रशासन को नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की लिखित शिकायत करने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। इससे आए दिन नशा करने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इससे पहले नवंबर 2017 में भी पुलिस को इस बारे में शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सोमवार को ब्रौ थाना में एसएचओ से मुलाकात करके नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करेंगे। नशे के खिलाफ गश्त के दौरान महिलाओं में भूवेश्वर देवी, रीता कुमारी, विंदुलता, लीला देवी, रेखा कुमारी, बिरमा देवी, मधुबाला, बिमला देवी, शांता देवी, पिंगला देवी, रेशमा देवी, कमला, बिरजा देवी और दुर्गा देवी शामिल हैं।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!