नादौन के विकास को मिली गति

पत्रकार वार्ता के दौरान बोल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री

नादौन – गत पांच वर्षों में नादौन विस क्षेत्र के विकास कार्य रुके पड़े थे, जिन्हें अब प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद गति मिली है। विश्राम गृह सेरा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के समय चुनावों से छह माह पूर्व तक आनन-फानन में जो कार्य किए हैं उनका वर्तमान सरकार द्वारा आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि नादौन अस्पताल के बाहर आनन-फानन में सिविल अस्पताल का बोर्ड लगवा दिया गया, जबकि यहां उस स्तर की सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवाई गईं। अग्निहोत्री ने बताया कि ऐसा ही एक मामला नादौन के धनेटा अस्पताल के संबंध में सामने आया है, जहां 24 घंटों तक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध थीं, परंतु इन्हें चुपचाप डीनोटीफाई कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने यह कार्य कर स्थानीय लोगों के साथ धोखा किया है, क्योंकि उन्होंने जनता को इस बात का पता तक नहीं चलने दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद रिक्त पड़े पदों को भरने के साथ-साथ नई भर्तियां भी की गई हैं, जिससे विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली धूमल सरकार के समय जो विकास कार्य नादौन में आरंभ किए गए थे उन्हें गत कांग्रेस सरकार के समय जानबूझ कर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, परंतु अब उन कार्यों में भी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नादौन की भी चिंता है। इसीलिए सरकार के गठन के कुछ ही समय में उन्होंने नादौन का दौरा कर लाखों रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की है। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का कांग्रेस नेता झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नादौन क्षेत्र में विकास के लिए कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!