बद्दी में ट्रामा सेंटर जल्द

बद्दी—केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि नालागढ़ क्षेत्र में शीघ्र ही ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की दिशा में कार्य आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बनवीरपुर में चैक डैम निर्मित करने तथा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का मामला प्रदेश सरकार को प्रेषित किया जाएगा। उक्त जानकारी उन्होंने दून विधानसभा क्षेत्र के बनवीरपुर में उज्ज्वला योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी लोक चुनावों के लिए जुट जाने और प्रदेश की चारों सीटों पर कमल खिलाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित में कार्य कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश विकास के नए आयाम को छुएगा। डा. सहजल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अनुसूचित जाति उपयोजना पर प्रदेश में 1583 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं पर इस वर्ष प्रदेश सरकार 600 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इस अवसर पर दून की पूर्व विधायक विनोद चंदेल, राज्य खाद्य बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, भाजपा प्रदेश कायज़्कारिणी सदस्य डा. श्रीकांत एवं डीआर चंदेल, ग्राम पंचायत लोदीमाजरा की प्रधान ममता खताना, दून भाजपा मंडल के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, ग्राम पंचायत लोदीमाजरा के उपप्रधान कश्मीरी लाल, जिला एवं मंडल भाजपा के पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक बद्दी बिंदू रानी सचदेवा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक यादविंद्र पाल, बरिष्ट भाजपा नेता डा. श्री कांत, डीआर चंदेल, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा इंडियन ऑयल एवं भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों सहित गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय निवासी एवं लाभार्थी उपस्थित थे।

फोरलेन को जल्द शुरू हो भूमि अधिग्रहण

स्थानीय विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा नालागढ़ क्षेत्र में ट्रामा सेंटर स्थापित करने एवं नालागढ़ से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन के लिए हरियाणा में शीघ्र भूमि अधिगृहित करने का मामला केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से उठाने का आग्रह किया। इंडियन ऑयल के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक वीके सुंदरियाल ने उज्ज्वला योजना एवं रसोई गैस के प्रयोग में सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी परनिःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!