मकान के लिए लड़ाई खूब चले कुल्हाड़ी-डंडे

By: Apr 7th, 2018 12:50 am

नयनादेवी में भिड़े दो परिवार, पांच लोग जख्मी

स्वारघाट— नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत नकराणा के गांव चोचरू (ठाकुरद्वारा) में गुरुवार देर शाम पुराने मकान के विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी झड़प हो गई। इसमें करीब आधा दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। इस खूनी झड़प में एक परिवार के सदस्यों ने दूसरे परिवार के सदस्यों और बीच-बचाव करने आए अन्य ग्रामीणों  पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर कर दिया, जिसमें शीला देवी  पत्नी स्व. श्रीराम, निर्मला देवी पत्नी मदन लाल, चरण सिंह पुत्र भाग सिंह, जोध सिंह पुत्र गोबिंद राम,  मदन लाल पुत्र हुकम चंद घायल हुए हैं। शीला देवी और निर्मला देवी दोनों के सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया गया है। सभी घायलों का सीएचसी घवांडल में उपचार दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें एडमिट नहीं किया गया है। शीला देवी के बेटे ज्ञान चंद ने बताया है कि वह बद्दी की एक निजी कंपनी में कार्य करता है। घर में केवल उसकी माता शीला देवी और पत्नी सुनीता देवी रहते हैं। पिता के देहांत के बाद उसका चाचा श्याम लाल पुत्र रांझा राम जबरदस्ती उनके पुराने मकान पर कब्जा करना चाहता है और अकसर  उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देता है। उन्होंने पुलिस चौकी नयनादेवी में श्याम लाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ज्ञान चंद ने बताया कि गुरुवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे श्याम लाल वहां आया और गाली-गलौज करने के बाद मकान को ताला लगाने लगा। शीला देवी ने जब इसका विरोध किया तो श्याम लाल ने कुल्हाड़ी से उस पर प्रहार कर दिया। जब उसकी पत्नी और बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के कुछ लोग निर्मला देवी, चरण सिंह, जोध सिंह व मदन लाल वहां पहुंचे तो श्याम लाल के परिवार ने उन पर भी कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर दिया और वहां से भाग गए। पुलिस थाना कोट में मामला दर्ज कर लिया गया है और छानबीन जारी है। इस संदर्भ में थाना कोट प्रभारी योगराज चंदेल से संपर्क नहीं हो पाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App