रोहतांग बहाल, आज दौडे़ंगी गाडि़यां

By: Apr 6th, 2018 12:25 am

बीआरओ ने हासिल की सफलता, सुबह दस से तीन बजे तक आवाजाही

केलांग— शेष विश्व से कटे लाहुल-स्पीति का संपर्क गुरुवार को रोहतांग दर्रे की बहाली के साथ ही दुनिया से जुड़ गया है। बीआरओ ने गुरुवार दोपहर बाद छोटे वाहनों के लिए दर्रे को आधिकारिक तौर पर बहाल कर दिया है।  दर्रे की बहाली बीआरओ ने रिकार्ड समय में की है। जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रे पर इस बार कम बर्फबारी दर्ज की गई थी, ऐसे में रोहतांग दर्रे की बहाली को लेकर करीब तीन माह से डटे बीआरओ ने गुरुवार को इसे बहाल करने में कामयाबी हासिल की है। रोहतांग दर्रे के बहाल होते ही कबायलियों ने राहत की सांस ली है।  उपायुक्त लाहुल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि रोहतांग दर्रा गुरुवार को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दर्रे पर शुक्रवार से मनाली की तरफ से गाडि़यों को लाहुल की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा शनिवार को लाहुल की तरफ से गाडि़यां मनाली की ओर जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑड-इवन फार्मूले के तहत गाडि़यों को रोहतांग के आर-पार सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक भेजने की अनुमति प्रशासन ने दी। उन्होंने कहा कि वे लगातार बीआरओ से संपर्क बनाए हुए हैं, ऐसे में जल्द ही दर्रा बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए भी खोल दिया जाएगा।     उधर, केलांग डिपो के आरएम मंगल चंद मनेपा का कहना है कि एचआरटीसी भी बीआरओ के लगातार संपर्क में है, जल्द ही बड़ी गाडि़यों की परमिशन मिलते ही बस सेवा भी बहाल कर दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App