शिमला में सड़कों पर उतरी महिलाएं

दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर रैली निकालकर जताया रोष, महिला सुरक्षा में ढील न बरते सरकार

शिमला  – बलात्कार की घटनाओं को लेकर महिलाएं सड़क पर उतर गई हैं। गुरुवार को शिमला में महिलाओं ने बलात्कार की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ  रैली निकालकर अपना रोष जताया और सरकार से महिला सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। शिमला में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, वाईडब्ल्यूसीए, ऑल इंडिया वूमन कान्फें्रस तथा पहचान संस्था ने आज देश में बच्चियों तथा महिलाओं के साथ हो रही बलात्कार की घटनाओं के खिलाफ शिमला उपायुक्त कार्यालय से लेकर शेरे-ए-पंजाब तक रोष प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में संस्थाओं व कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया वूमन कान्फ्रेंस की सचिव आभा सूद ने कहा कि देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। वाईडब्ल्यूसीए की सचिव रोहिणी ने कहा कि इस घिनोने कृत्य के खिलाफ  हम सब महिलाओं को इकट्ठा होना पड़ेगा और इस लड़ाई को लड़ना पड़ेगा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला समिति की सदस्य और पहचान संस्था की सदस्य बिंदु जोशी ने कहा कि महिलाओं के साथ बलात्कार का यह ग्राफ  दिन-प्रतिदिन और ज्यादा बढ़ रहा है जो महिलाए आज संसद में बैठी हैं वे भी देश की महिलाओं के लिए कुछ नहीं कर रही हैं। वे सिर्फ  सरकार के ही गुण गा रही हैं। महिला समिति की कोषाध्यक्ष सोनिया शुबरवाल ने कहा है कि हमे आज इकट्ठा होकर इन बलात्कारों और अपराधों के खिलाफ  लड़ने की जरूरत है और भाजपा सरकार जो शुरू से बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का नारा लगाती आ रही हैं। उसे भी इस सरकार को लागू करने की जरूरत है।  यह बहुत ही गंभीर विषय है और इसी तरह से उन्नाव में युवती के साथ भाजपा के विधायक ने बलात्कार किया और पीडि़ता के पिता की हत्या भी की। बलात्कार की घटनाएं उत्तर प्रदेश व हरियाणा में ज्यादा हो रही हैं जो भाजपा शासित राज्य है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी यह घटनाएं दिन प्रतिदिन देखने को मिल रही है। पिछले हफ्ते ही हमीरपुर के नादौन में विवाहिता को दहेज के लिए ससुराल वालों ने जिंदा जलाया। तीन दिन पहले हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी 11 साल की मासूम के साथ रेप करने की कोशिश की गई। गुडि़या के कातिलों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि देश की सरकार को कायदे कानून सख्त बनाने चाहिए। उन्होंने कहा महिला सुरक्षा पर सरकार को ढील नहीं बरतनी चाहिए।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!