हाइकमान की राय से बोर्ड-निगमों में ताजपोशी

By: Apr 29th, 2018 12:20 am

राज्य सरकार केंद्रीय आलाकमान से करेगी सलाह, लोकसभा चुनावों का भी ख्याल

शिमला— बोर्ड-निगमों में ताजपोशी के लिए जयराम सरकार ने केंद्रीय हाइकमान से राय मांगी है। राज्य सरकार लोकसभा चुनावों से पहले सिर्फ महत्त्वपूर्ण बोर्ड और निगम के अध्यक्ष पद भरना चाहती है। सियासी स्ट्रोक के चलते मलाईदार ओहदे चुनावों के बाद दिए जा सकते हैं। हालांकि राज्य सरकार केंद्रीय हाइकमान को विश्वास में लेकर ही इस रणनीति को आगे बढ़ाने के मूड में है। इसके चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अगले सप्ताह राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मंत्रणा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री दो मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस दौरे के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी समय मांगा है।  प्रदेश सरकार में 45 बोर्ड-निगम हैं। इनमें दो दर्जन के करीब महत्त्वपूर्ण बोर्ड-निगमोें में ताजपोशी के आसार हैं। फिलहाल हिमाचल में जयराम सरकार ने अभी तक आधा दर्जन महत्त्वपूर्ण पदों पर ही नियुक्ति दी है। इसके चलते हॉट सीट के लिए अब भी कई नेता लॉबिंग कर रहे हैं। इसके लिए आरएसएस की पृष्ठभूमि से जुड़े पार्टी कार्यकर्ता अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की सीट के लिए प्रबल दावेदार हैं। हालांकि जयराम सरकार इन पदों की ताजपोशी के लिए दावेदारों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की पृष्ठभूमि को भी खंगाल रही है। बहरहाल, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल में बोर्ड-निगमों में ताजपोशी के लिए केंद्रीय हाइकमान से राय मांगी है। इसी उद्देश्य से अगले सप्ताह मुख्यमंत्री राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष इस अहम प्रस्ताव पर चर्चा कर सकते हैं। पार्टी के भीतरी सूत्रों की माने तो अधिकतर पदों पर ताजपोशी लोकसभा चुनावों के बाद होगी। इसके पीछे सरकार की साफ मंशा है कि फिलहाल सरकारी खजाने में अधिक बोझ न डाला जाए। तलबगार नेता झंडी पाने के लिए लोकसभा चुनावों में पसीना बहा सकते हैं। इस कारण भी ज्यादातर पदों पर ताजपोशी लोकसभा चुनावों के बाद होने की संभावना है।

फिजूलखर्ची रोकने पर सरकार का ध्यान

सरकार ने खर्चों में कटौती के स्पष्ट संकेत दिए हैं। इसके चलते बोर्ड-निगमों में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पदों पर ताजपोशी के लिए भी सरकार किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं है।

यहां होगी तैनाती

फिलहाल सरकार महत्त्वपूर्ण बोर्ड-निगमों में इक्का-दुक्का पदों पर तैनाती कर रही है। इसमें शिक्षा बोर्ड, एचआरटीसी, पर्यटन और प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड प्रमुख हैं।  प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की नियुक्ति के लिए नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत मेडिकल या इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त ही इस पद पर बैठेगा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App